औद्योगिक उद्यमी और समाजसेवी पवन कुमार सुल्तानिया को सामाजिक सेवा एवं जनकल्याण के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए प्रतिष्ठित ‘बंदे ओडिशा सम्मान’ से नवाजा गया। संबलपुर के तपस्विनी ऑडिटोरियम में स्थापना चैरिटेबल ट्रस्ट की ओर से आयोजित सम्मान समारोह में उन्हें यह पुरस्कार प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में विधायक जय नारायण मिश्रा, पूर्व विधायक नाउरी नायक, भारतीय कृषक समाज की ओडिशा इकाई की महिला अध्यक्ष निवेदिता नायक समेत कई प्रमुख लोग मौजूद रहे। समारोह में सामाजिक कार्यकर्ताओं और विभिन्न सामाजिक संगठनों से जुड़े प्रतिनिधियों ने भी भाग लिया।

पवन कुमार सुल्तानिया लंबे समय से पश्चिमी ओडिशा में सामाजिक गतिविधियों से जुड़े रहे हैं। शिक्षा को बढ़ावा देने, जरूरतमंदों की मदद, जनकल्याण और सामुदायिक विकास से जुड़े कार्यों में उनकी सक्रिय भागीदारी रही है। समाज के वंचित और जरूरतमंद वर्गों के लिए लगातार किए जा रहे उनके प्रयासों को देखते हुए उन्हें इस सम्मान के लिए चुना गया।
सम्मान मिलने के बाद पवन कुमार सुल्तानिया ने इसे अपने लिए गर्व के साथ-साथ जिम्मेदारी बढ़ाने वाला अवसर बताया। उन्होंने स्थापना चैरिटेबल ट्रस्ट और आयोजन समिति के प्रति आभार जताते हुए कहा कि यह पुरस्कार उन्हें भविष्य में और अधिक समर्पण एवं संवेदनशीलता के साथ समाजसेवा करने की प्रेरणा देगा।
विश्वनाथ देहाती की रिपोर्ट