Tuesday, October 6, 2026
Home » JSSC-CGL मामले में अभ्यर्थियों से ‘सेटिंग’ के आरोपों की जांच तेज, सचिवालय क्लर्क गिरफ्तार

JSSC-CGL मामले में अभ्यर्थियों से ‘सेटिंग’ के आरोपों की जांच तेज, सचिवालय क्लर्क गिरफ्तार

by उर्वशी शेखर
0 comments

JSSC-CGL परीक्षा से जुड़े कथित पेपर लीक और अनियमितता मामले में CID की जांच के दौरान झारखंड सचिवालय में कार्यरत एक क्लर्क की गिरफ्तारी हुई है। जांच एजेंसी ने सुधाकर कुमार उर्फ सुधाकर यादव को देवघर के रिखिया थाना क्षेत्र के बैजनाथपुर बंधा स्थित एक आवास से हिरासत में लिया था। रांची लाकर लंबी पूछताछ के बाद CID ने उसकी गिरफ्तारी की पुष्टि की है।

सुधाकर यादव मूल रूप से बिहार के बांका जिले के जयपुर थाना क्षेत्र का निवासी बताया गया है। वह वर्ष 2018 से रांची स्थित सचिवालय में लिपिक के पद पर कार्यरत था। पूछताछ में उसने जांच अधिकारियों को बताया कि उसका स्थानांतरण दुमका किया गया है और इसी वजह से वह देवघर में रह रहा था। हालांकि, जांच के दौरान उसका संपर्क JSSC-CGL प्रकरण से जुड़े कुछ लोगों से होने की जानकारी सामने आने के बाद CID ने उसके खिलाफ कार्रवाई की।

पूछताछ में खुली कथित नेटवर्क की कड़ी

CID की अब तक की कार्रवाई में गिरफ्तार आरोपियों और परीक्षा में शामिल अभ्यर्थियों से की गई पूछताछ के दौरान सुधाकर का नाम सामने आने की बात कही जा रही है। जांच एजेंसी को संदेह है कि वह अभ्यर्थियों को अनुचित तरीके से परीक्षा में सफलता दिलाने के कथित नेटवर्क का हिस्सा था।

जांच के अनुसार, सुधाकर पर अभ्यर्थियों को अलग-अलग स्थानों पर ले जाकर परीक्षा से पहले संभावित प्रश्नों और उनके उत्तरों की तैयारी कराने में भूमिका निभाने का आरोप है। एजेंसी को उसके ठिकाने से कुछ परीक्षार्थियों के प्रमाण पत्र, चेक और अन्य महत्वपूर्ण कागजात मिलने की भी जानकारी मिली है।

फिलहाल CID सुधाकर से पूछताछ कर रही है। जांच का फोकस कथित ‘सेटिंग’ के पूरे नेटवर्क को समझने, अभ्यर्थियों और बिचौलियों के बीच संपर्क की कड़ियां जोड़ने तथा इस मामले में शामिल अन्य संभावित लोगों की पहचान करने पर है।

You may also like

Leave a Comment