तिरुमला की तीर्थयात्रा को सुविधाजनक बनाने और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक नई पहल के तहत रिलायंस फाउंडेशन ने तिरुमला तिरुपति देवस्थानम (TTD) को 25 इलेक्ट्रिक बसें प्रदान की हैं। बसों के संचालन के लिए अलग से इलेक्ट्रिक वाहन चार्जिंग स्टेशन भी उपलब्ध कराया गया है। आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने इन बसों को हरी झंडी दिखाकर सेवा में शामिल किया।
तिरुमला में हर वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान वेंकटेश्वर के दर्शन के लिए पहुंचते हैं। नई ई-बसों के संचालन से तीर्थयात्रियों को सार्वजनिक परिवहन का एक और विकल्प मिलेगा, वहीं पारंपरिक ईंधन से चलने वाले वाहनों पर निर्भरता घटाने में भी मदद मिलने की उम्मीद है। यह पहल ऐसे वक्त हुई है जब तिरुमला में ब्रह्मोत्सव के चलते श्रद्धालुओं की आवाजाही बढ़ी हुई है।

दरअसल, रिलायंस इंडस्ट्रीज के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर अनंत अंबानी ने जून 2026 में तिरुमला दौरे के दौरान TTD के लिए 25 इलेक्ट्रिक बसें उपलब्ध कराने की घोषणा की थी। लगभग तीन महीने के भीतर इस घोषणा को अमल में लाते हुए रिलायंस फाउंडेशन ने बसें TTD को सौंप दीं।
इन इलेक्ट्रिक बसों के लिए जरूरी चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार करने में Jio-bp ने तकनीकी सहयोग प्रदान किया है। इससे तिरुमला क्षेत्र में इलेक्ट्रिक परिवहन को बढ़ावा देने के साथ-साथ चार्जिंग की जरूरतों को पूरा करने के लिए समर्पित व्यवस्था भी उपलब्ध होगी।

इस पहल पर अनंत अंबानी ने कहा कि तिरुमला में हर साल लाखों लोग दर्शन के लिए आते हैं और उनकी यात्रा को बेहतर बनाने में योगदान देना उनके लिए सम्मान की बात है। उन्होंने कहा कि ई-बसों की यह पहल TTD के तीर्थयात्रियों को सुविधाजनक परिवहन उपलब्ध कराने और तिरुमला की जैव-विविधता के संरक्षण के प्रयासों में सहयोग देने की दिशा में एक छोटा कदम है।