झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने शनिवार को रांची के लोअर करमटोली स्थित रोड नंबर-2 में पूर्व मंत्री स्वर्गीय विमला प्रधान के आवास पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि दी। मुख्यमंत्री ने उनके पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित कर अंतिम नमन किया और शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने मरांग बुरु से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने की प्रार्थना की। उन्होंने परिवार के सदस्यों के साथ-साथ विमला प्रधान के समर्थकों और प्रशंसकों को इस कठिन समय में दुख सहने की शक्ति देने की कामना की।
श्रद्धांजलि के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि विमला प्रधान के निधन की खबर बेहद दुखद है। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक जीवन में पूर्व मंत्री का योगदान और आम लोगों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता लंबे समय तक याद की जाएगी। सिमडेगा समेत झारखंड के विकास में उन्होंने सक्रिय भूमिका निभाई और विभिन्न वर्गों के हितों के लिए काम किया।

हेमंत सोरेन ने कहा कि विमला प्रधान के निधन से राज्य के राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र को गहरा नुकसान हुआ है। उन्होंने उन्हें एक सक्रिय, संवेदनशील और कर्मठ जनप्रतिनिधि बताते हुए कहा कि समाज के अलग-अलग वर्गों के कल्याण के लिए उनकी निरंतर सक्रियता उल्लेखनीय रही।
गौरतलब है कि विमला प्रधान पिछले कुछ समय से बीमार चल रही थीं और रांची के एक निजी अस्पताल में उनका उपचार चल रहा था। इसी दौरान शुक्रवार रात उनका निधन हो गया। उनके निधन की खबर के बाद राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में शोक की लहर है।