Wednesday, October 7, 2026
Home » BLO के अधूरे नोटिस पर कांग्रेस ने जताई आपत्ति, जिला निर्वाचन पदाधिकारी से कार्रवाई की मांग

BLO के अधूरे नोटिस पर कांग्रेस ने जताई आपत्ति, जिला निर्वाचन पदाधिकारी से कार्रवाई की मांग

by उर्वशी शेखर
0 comments

मतदाता सूची से जुड़े निर्वाचन कार्य के दौरान बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) की ओर से मतदाताओं को दिए जा रहे अधूरे अथवा बिना विवरण वाले नोटिस को लेकर रांची महानगर कांग्रेस कमिटी ने जिला निर्वाचन पदाधिकारी का ध्यान आकृष्ट कराया है। कमिटी के कार्यालय प्रभारी मो. हुसैन अंसारी ने इस संबंध में जिला निर्वाचन पदाधिकारी, रांची को पत्र सौंपकर आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।

कांग्रेस की ओर से कहा गया है कि निर्वाचन प्रक्रिया के तहत जब किसी मतदाता को नोटिस जारी किया जाता है, तो उसमें संबंधित प्रक्रिया से जुड़ी जरूरी सूचनाएं स्पष्ट रूप से दर्ज होनी चाहिए। इससे मतदाता को यह समझने में आसानी होगी कि उसे आगे क्या करना है और BLO भी निर्धारित प्रक्रिया को समय पर पूरा कर सकेंगे।

महानगर कांग्रेस के मुताबिक, शहर के कुछ इलाकों से ऐसी शिकायतें मिल रही हैं जहां BLO द्वारा खाली या अधूरी जानकारी वाले नोटिस उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इसके बाद संबंधित मतदाताओं को नोटिस में जरूरी विवरण हासिल करने के लिए अलग-अलग स्तर पर संपर्क करना पड़ रहा है। कांग्रेस का कहना है कि इससे लोगों के बीच भ्रम की स्थिति बन रही है और निर्वाचन संबंधी कार्य में अनावश्यक देरी हो रही है।

कमिटी ने दावा किया कि अधूरे नोटिस के कारण कुछ मामलों में प्रक्रिया पूरी करने में दो दिन तक का अतिरिक्त समय लग रहा है। इससे न केवल मतदाताओं को परेशानी हो रही है, बल्कि निर्धारित समय-सीमा में निर्वाचन संबंधी कार्य पूरा करने में भी बाधा उत्पन्न हो सकती है।

पत्र के जरिए जिला निर्वाचन पदाधिकारी से आग्रह किया गया है कि सभी संबंधित BLO को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जाएं। कांग्रेस ने कहा कि मतदाताओं को नोटिस सौंपने से पहले उसमें नियमानुसार आवश्यक विवरण दर्ज होना सुनिश्चित किया जाए, ताकि आगे की प्रक्रिया बिना किसी भ्रम और अतिरिक्त भागदौड़ के पूरी हो सके।

रांची महानगर कांग्रेस कमिटी ने मामले की जांच कर आवश्यक प्रशासनिक कार्रवाई करने तथा BLO को स्पष्ट निर्देश देने का अनुरोध किया है।

You may also like

Leave a Comment