रांची के तिरिल स्थित CRPF मुख्यालय में रविवार सुबह एक जवान की मौत से हड़कंप मच गया। विधानसभा थाना क्षेत्र में हुई इस घटना में पलामू के हैदरनगर निवासी CRPF जवान भुनेश्वर पाल ने अपनी सर्विस राइफल से खुद को गोली मार ली। गोली लगने के बाद जवान ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
जानकारी के मुताबिक, भुनेश्वर पाल (पिता- रामलखन पाल) पलामू जिले के हुसैनाबाद अनुमंडल के हैदरनगर थाना क्षेत्र स्थित इमलियाटीकर गांव के रहने वाले थे। वह तिरिल स्थित CRPF कैंप में ड्यूटी पर तैनात थे। रविवार सुबह करीब 7:15 बजे उन्होंने अपनी ड्यूटी के दौरान सर्विस AK-47 से खुद पर गोली चला ली। गोली गर्दन में लगने से उनकी गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही मौत हो गई।
फायरिंग की आवाज से मचा हड़कंप
अचानक गोली चलने की आवाज सुनकर CRPF परिसर में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। साथी जवान मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई। इसके बाद विधानसभा थाना पुलिस को भी सूचना दी गई।पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लिया। जांच के दौरान वहां से दो खाली कारतूस बरामद किए गए। घटना की परिस्थितियों को देखते हुए फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। FSL विशेषज्ञों ने मौके से फिंगरप्रिंट समेत अन्य तकनीकी साक्ष्य जुटाए, ताकि घटना की परिस्थितियों की जांच की जा सके।
आत्महत्या की वजह अब भी स्पष्ट नहीं
पुलिस के अनुसार, जवान के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रारंभिक जानकारी में यह बात सामने आई है कि भुनेश्वर पाल पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव और अवसाद से परेशान थे। हालांकि, उनकी परेशानी की वास्तविक वजह क्या थी और किन परिस्थितियों में उन्होंने यह कदम उठाया, इसकी अभी पुष्टि नहीं हुई है।पुलिस ने जवान के परिवार को घटना की जानकारी दे दी है। मामले की जांच जारी है और परिजनों तथा सहकर्मियों से भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही घटना के पीछे की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी।