तेलंगाना के भद्राचलम में मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान पुलिस और आबकारी विभाग को बड़ी सफलता मिली है। एक बाइक की जांच से शुरू हुई कार्रवाई पूछताछ के बाद दो अन्य वाहनों तक पहुंची और तीन अलग-अलग स्थानों पर कुल 372.2 किलो गांजा जब्त किया गया। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत 1.82 करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, आबकारी विभाग और DTF की टीम वीरभद्र फंक्शन हॉल के पास वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान एक बाइक को रोककर तलाशी ली गई। बाइक से करीब 9 किलो गांजा मिलने के बाद उसके सवार दिवाकर मंडल को हिरासत में ले लिया गया।
इसी बीच टीम की नजर बाइक के पीछे आ रही एक कार पर गई। संदेह के आधार पर कार को भी रोका गया और तलाशी ली गई। कार से लगभग 100 किलो गांजा बरामद हुआ। वाहन चला रहे 22 वर्षीय सुमन पाल को गिरफ्तार कर लिया गया।

दोनों मामलों के बाद जांच टीम ने आरोपियों से पूछताछ की। पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर अधिकारियों को गांजे की एक और बड़ी खेप के बारे में पता चला, जिसे एक वाहन के जरिए महाराष्ट्र ले जाने की बात सामने आई।
इसके बाद आबकारी पुलिस ने खम्मम जिले के करुणा गिरी इलाके में कार्रवाई करते हुए संबंधित वाहन को रोक लिया। तलाशी के दौरान उसमें से 263.2 किलो गांजा बरामद किया गया। वाहन के चालक राजशेखर मार्गी (22) और क्लीनर ब्रिजान नासा (20) को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
इस तरह कार्रवाई के दौरान कुल 372.2 किलो गांजा जब्त किया गया। अधिकारियों के अनुसार गिरफ्तार किए गए चारों आरोपी ओडिशा के रहने वाले हैं। उनके कब्जे से गांजे के अलावा एक बाइक, एक कार और एक अन्य वाहन भी जब्त किया गया है।
पूरे अभियान में कोठागुडेम और भद्राचलम DTF के साथ खम्मम आबकारी पुलिस की टीम शामिल रही। मामले में आगे की जांच जारी है और पुलिस गांजे की सप्लाई चेन तथा इसके पीछे जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है।
हैदराबाद से विश्वनाथ देहाती की रिपोर्ट