Tuesday, October 6, 2026
Home » बोकारो पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल, 11 पुलिस अधिकारियों को मिली नई पोस्टिंग

बोकारो पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल, 11 पुलिस अधिकारियों को मिली नई पोस्टिंग

by उर्वशी शेखर
0 comments

बोकारो जिले में पुलिस महकमे के भीतर प्रशासनिक स्तर पर बड़ा बदलाव किया गया है। पुलिस अधीक्षक ने 11 पुलिस अवर निरीक्षकों (SI) को अलग-अलग थानों और शाखाओं में नई जिम्मेदारी सौंपी है। तबादले से संबंधित आदेश जारी होने के साथ ही सभी संबंधित अधिकारियों को 24 घंटे के अंदर अपने नए पदस्थापन स्थल पर योगदान देकर इसकी रिपोर्ट उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है।

जारी आदेश के मुताबिक, पुलिस केंद्र बोकारो में पदस्थापित कौशलेन्द्र कुमार और राजेश प्रजापति को बीएस सिटी थाने में तैनात किया गया है। वहीं, अमित सोनी को दुगदा थाना और कुन्दन कुमार को हरला थाना भेजा गया है। शुभम कुमार गोप को सेक्टर-12 थाने की जिम्मेदारी दी गई है, जबकि नितिश कुमार का स्थानांतरण बोकारो थर्मल थाने में किया गया है।

तकनीकी शाखा के प्रभारी बदले, कई थानों में नई तैनाती

इस फेरबदल के तहत पुलिस अधीक्षक के आवासीय कार्यालय की तकनीकी शाखा में भी बदलाव हुआ है। विक्रम कुमार को तकनीकी शाखा का नया प्रभारी नियुक्त किया गया है। अब तक इस पद पर कार्यरत अजीज कुमार को पेंकनारायणपुर थाने में पदस्थापित किया गया है।

इसके अतिरिक्त अजय कुमार सिंह को चास मुफस्सिल थाना, वीरमणि कुमार को गांधीनगर ओपी और रवि कुमार को चास थाने में नई जिम्मेदारी दी गई है।

24 घंटे में योगदान रिपोर्ट देने का निर्देश

पुलिस अधीक्षक कार्यालय ने तबादला आदेश के अनुपालन को लेकर स्पष्ट निर्देश जारी किए हैं। सभी 11 पुलिस अधिकारियों को बिना देरी किए अपने नए कार्यस्थल पर योगदान देना होगा। साथ ही, अगले 24 घंटे के भीतर योगदान संबंधी रिपोर्ट भी सौंपनी होगी। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।

You may also like

Leave a Comment