श्री श्याम मित्र मंडल की ओर से हरमू रोड स्थित श्री श्याम मंदिर में 223वें सुंदरकांड एवं हनुमान चालीसा पाठ का आयोजन किया गया। भजन-कीर्तन और जय श्रीराम के जयकारों से मंदिर परिसर भक्तिमय हो उठा। कार्यक्रम की शुरुआत मंडल के निवर्तमान महामंत्री विश्वनाथ नारसरिया ने सुनील मोदी से बालाजी महाराज की अखंड ज्योति प्रज्ज्वलित कराकर की। इसके बाद केसरिया पेड़ा, गुड़, चना और फलों का भोग अर्पित किया गया।
सुनील मोदी ने श्रीरामचरितमानस का पूजन कर पाठ वाचकों का चंदन से अभिनंदन किया। मनीष सारस्वत और ओम शर्मा ने सहयोगियों के साथ ढोलक एवं ढपली की धुन पर गणेश वंदना, हनुमान चालीसा और सुंदरकांड का संगीतमय पाठ कराया। इस दौरान भजनों पर श्रद्धालु भक्ति में लीन नजर आए। कार्यक्रम का समापन हनुमान चालीसा के पुनः पाठ, महाआरती और प्रसाद वितरण के साथ हुआ।

30 सितंबर को होगा 219वां श्री श्याम भंडारा
आयोजन में श्रवण ढानढनिया ने चना, पुष्पा देवी पोद्दार ने केसरिया पेड़ा, मनीष साहू ने गिरिगोला और राजेश जायसवाल ने फल प्रसाद की सेवा दी। इस अवसर पर मंडल के महामंत्री गौरव अग्रवाल, उपाध्यक्ष श्रवण ढानढनिया, अशोक लाड़िया, कृष्णा, अंकित सिंह, ऋषभ चौरसिया और हिमांशु कुमार सहित कई श्रद्धालु उपस्थित रहे।
मंडल के निवर्तमान अध्यक्ष सुरेश सरावगी ने बताया कि 30 सितंबर को मंदिर परिसर में 219वें श्री श्याम भंडारे का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने धर्मप्रेमियों से इसमें शामिल होने की अपील की है। कार्यक्रम की जानकारी मंडल के महामंत्री गौरव अग्रवाल ने दी।