Wednesday, October 7, 2026
Home » रातू सामूहिक दु*ष्कर्म मामले में पुलिस की कार्रवाई, दो नाबालिग समेत 4 आरोपी गिरफ्तार

रातू सामूहिक दु*ष्कर्म मामले में पुलिस की कार्रवाई, दो नाबालिग समेत 4 आरोपी गिरफ्तार

by उर्वशी शेखर
0 comments

राजधानी रांची के रातू थाना क्षेत्र में करमा पर्व की रात एक युवती के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को पकड़ा है। इनमें दो युवकों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि दो नाबालिगों को निरुद्ध किया गया है। पुलिस के अनुसार, चारों चटकपुर पंचायत में आयोजित करमा मेले से लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में युवती को अकेला देखकर वारदात को अंजाम दिया गया। आरोपियों पर पीड़िता की चेन छीनने का भी आरोप है।

पीड़िता ने 26 सितंबर को रातू थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। उसने बताया कि 22 सितंबर की रात तीन-चार अज्ञात युवकों ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने बीएनएस की धारा 70(1) और 303(2) के तहत मामला दर्ज किया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए रांची के वरीय पुलिस अधीक्षक ने ग्रामीण एसपी के निर्देशन में डीएसपी मुख्यालय द्वितीय अजय आर्यण के नेतृत्व में विशेष जांच टीम गठित की। टीम ने तकनीकी और अन्य साक्ष्यों के आधार पर चटकपुर निवासी संदीप मुंडा उर्फ रावण (22) और सुनील मुंडा (23) को गिरफ्तार किया। मामले में दो नाबालिगों को भी निरुद्ध किया गया है।

मेले से लौटते समय वारदात को दिया अंजाम

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपियों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। उन्होंने बताया कि चारों करमा पूजा का मेला देखकर नशे की हालत में लौट रहे थे। रास्ते में मोबाइल पर बात करते हुए जा रही युवती को देखकर उन्होंने वारदात को अंजाम दिया। इसके बाद पीड़िता की चेन छीन ली, जिसे बाद में बेच दिया गया।

पुलिस ने संदीप मुंडा के पास से एक एंड्रॉयड मोबाइल बरामद किया है, जिसमें घटना से संबंधित साक्ष्य मिलने का दावा किया गया है। संदीप के खिलाफ वर्ष 2017 में सुखदेवनगर थाने में चोरी और चोरी का सामान रखने से संबंधित धाराओं में भी मामला दर्ज हुआ था।

गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने और निरुद्ध नाबालिगों को संबंधित न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने की प्रक्रिया की जा रही है।

इस कार्रवाई में रातू थाना प्रभारी आदिकांत महतो, एसआई विनीत कुमार, सत्यप्रकाश उपाध्याय, संतोष यादव, प्रियंका कुमारी सहित विशेष जांच टीम के अन्य पुलिस अधिकारी और जवान शामिल रहे।

You may also like

Leave a Comment