Thursday, October 8, 2026
Home » रानीहारा डैम का बांध टूटा, कई गांवों में घुसा पानी; सैकड़ों किसानों की धान की फसल प्रभावित

रानीहारा डैम का बांध टूटा, कई गांवों में घुसा पानी; सैकड़ों किसानों की धान की फसल प्रभावित

0 comments

सिल्ली प्रखंड के गोंडाडीह पंचायत क्षेत्र में शनिवार को रानीहारा डैम का बांध टूटने से आसपास के इलाकों में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। खैरबेड़ा के समीप स्थित डैम का करीब 40 फीट हिस्सा क्षतिग्रस्त होकर बह गया, जिसके बाद बड़ी मात्रा में पानी तेज गति से आसपास के गांवों और खेतों की ओर फैल गया।

बांध टूटने से खैरबेड़ा, बाह्मानी, गोंडाडीह नायकटोला, पेंटोला, बांसटोला, सातपालु, सीधाबगाना और पलासडीह सहित कई इलाकों में जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई। खेतों में पानी भरने से धान की फसल को व्यापक नुकसान पहुंचने की बात सामने आई है। कई स्थानों पर खेतों की मिट्टी भी पानी के तेज बहाव में बह गई।

ग्रामीणों के मुताबिक, पिछले कई दिनों से हो रही लगातार बारिश के कारण डैम में पानी का स्तर बढ़ता गया था। जलस्तर बढ़ने के साथ बांध पर दबाव भी लगातार बढ़ रहा था। आखिरकार शनिवार को बांध का एक बड़ा हिस्सा टूट गया और पानी आसपास के क्षेत्रों में फैल गया।

जलभराव के कारण कुछ घरों के प्रभावित होने की भी सूचना है। इसके अलावा मवेशियों और डैम में मौजूद मछलियों के बह जाने की जानकारी भी ग्रामीणों ने दी है। घटना के बाद प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति का जायजा लिया। फिलहाल नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

ग्रामीणों ने प्रशासन से प्रभावित इलाकों में तत्काल राहत और फसल नुकसान का सर्वे कराने की मांग की है। किसानों का कहना है कि धान की फसल को हुए नुकसान का उचित आकलन कर उन्हें नियमानुसार मुआवजा दिया जाना चाहिए।

You may also like

Leave a Comment