बिंदल मॉल रेस्टोरेंट फायरिंग केस में मंगलवार देर रात पुलिस और आरोपियों के बीच मुठभेड़ हो गई। मरीन ड्राइव के जंगल में हुई कार्रवाई में मोहन यादव और अजीत मंडल के पैर में गोली लगी। दोनों को एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद हथियार बरामदगी के लिए जंगल ले जाया गया था। वहां उन्होंने कथित तौर पर एक जवान की पिस्टल छीनकर पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। दोनों की ओर से तीन-तीन राउंड गोली चलाए जाने का दावा है। जवाबी कार्रवाई में दोनों घायल हुए। मौके से दो पिस्टल बरामद की गई हैं।

26 सितंबर को हुई थी फायरिंग
सोनारी थाना क्षेत्र के बिंदल मॉल रेस्टोरेंट में 26 सितंबर को बाइक सवार तीन बदमाश पहुंचे थे। दो अंदर घुसे और फायरिंग कर दी। घटना में चार लोग घायल हुए थे। वारदात CCTV में कैद हुई थी।
पुलिस ने मामले में अब तक चार कथित साजिशकर्ताओं को गिरफ्तार किया है। वहीं, वारदात में शामिल शूटरों पर एक-एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था।