तमिलनाडु के थेनी जिले की थेक्कमपट्टी जेल से 17 कैदियों के फरार होने का मामला सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, कैदियों ने दौरे पड़ने का नाटक किया। उनकी मदद के लिए पहुंचे जेल गार्ड पर हमला कर सभी भाग निकले। तलाशी अभियान के दौरान एक कैदी को गिरफ्तार कर लिया गया है।

घटना के बाद पुलिस अधीक्षक के. एस. प्रवीण गौतम ने जेल का निरीक्षण किया। कंदमनूर पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार कैदियों की गिरफ्तारी के लिए 17 विशेष टीमें बनाई हैं।
16 चेक पोस्ट पर वाहनों की जांच
फरार कैदियों के संभावित ठिकानों तक पहुंचने के लिए पुलिस ने पड़ोसी डिंडीगुल जिले में 16 चेक पोस्ट बनाए हैं। आशंका है कि कुछ कैदी अपने गृह नगर लौटने की कोशिश कर सकते हैं। इसी को देखते हुए विझुपुरम समेत आसपास के क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी गई है।

फरार कैदियों की पहचान लिंगम, राजा सिंगंधर, करुप्पसामी, सिलंबरसन, तिरुपति, मेजी सुंदरम, सबरी, पोनमुथु, निजांत, कार्तिक राजा, मुगिलन, सेल्वा, तरुण, राजकुमार, प्रवीण, मुथु इलंगो और राजुवीन के रूप में हुई है।साउथ जोन के पुलिस महानिरीक्षक विजयेंद्र बिदारी ने एक कैदी की गिरफ्तारी की पुष्टि की है। वहीं, डिंडीगुल के पुलिस अधीक्षक एस. जय कुमार के अनुसार, फरार कैदियों की तलाश में वाहनों की जांच तेज कर दी गई है।
पुलिस और जेल अधिकारी सुरक्षा में हुई चूक की जांच कर रहे हैं। साथ ही, यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि कैदी जेल से भागने में कैसे सफल हुए।
हैदराबाद से विश्वनाथ देहाती की रिपोर्ट






