बंगाल की खाड़ी में बना चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ तेजी से आंध्र प्रदेश के तट की ओर बढ़ रहा है। इसके खतरे को देखते हुए मौसम विभाग (IMD) ने आंध्र प्रदेश और ओडिशा के तटीय इलाकों में रेड अलर्ट जारी किया है। तूफान के प्रभाव से कई जिलों में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश की आशंका है। वहीं, पश्चिम बंगाल में भारी बारिश हो सकती है। 27 से 30 अक्टूबर के बीच उत्तर भारत के कुछ हिस्सों में भी मौसम प्रभावित होने का अनुमान है।

मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार सुबह चक्रवात श्री विजयपुरम से करीब 590 किलोमीटर उत्तर-पश्चिम और विशाखापट्टनम से 650 किलोमीटर पूर्व-दक्षिण-पूर्व में केंद्रित था। इसके पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ते हुए सोमवार आधी रात तक अत्यंत गंभीर चक्रवाती तूफान में बदलने की आशंका है।
बुधवार, 28 अक्टूबर की सुबह इसके आंध्र प्रदेश और यनम के तट के बीच बापटला तथा विशाखापट्टनम के आसपास पहुंचने का अनुमान है। इस दौरान हवा की रफ्तार 115 से 125 किलोमीटर प्रति घंटा रह सकती है, जबकि झोंके 140 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकते हैं।
काकीनाडा, अनाकापल्ली, विशाखापट्टनम, कोनासीमा और पूर्वी गोदावरी में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। आंध्र प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने लोगों से सतर्क रहने और प्रशासन के सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
हैदराबाद से विश्वनाथ देहाती की रिपोर्ट






