Wednesday, October 7, 2026
Home » शहीद एतवा उरांव फुटबॉल टूर्नामेंट-2026 का शुभारंभ, छह मुकाबलों में दिखा रोमांच

शहीद एतवा उरांव फुटबॉल टूर्नामेंट-2026 का शुभारंभ, छह मुकाबलों में दिखा रोमांच

by उर्वशी शेखर
0 comments

रांची, संवाददाता। शहीद एतवा उरांव स्मारक न्यास के तत्वावधान में मांडर प्रखंड के बुढ़ाखुखरा स्थित खेल मैदान में मंगलवार को शहीद एतवा उरांव फुटबॉल टूर्नामेंट-2026 का शुभारंभ हुआ। उद्घाटन मैच रिमझिम क्लब बांसजाड़ी और खूनी-11 के बीच खेला गया, जिसमें खूनी-11 की टीम ने 1-0 से जीत दर्ज कर अगले दौर में प्रवेश किया। टूर्नामेंट का उद्घाटन खलारी डीएसपी रामनारायण चौधरी ने फुटबॉल को किक मारकर किया। इस अवसर पर मांडर थाना प्रभारी मनोज करमाली, बंझिला मुखिया सोहंती एक्का, पितरुस खलखो, मो. साकिब सहित अन्य अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया। इससे पूर्व अतिथियों ने शहीद एतवा उरांव की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।

मौके पर मुख्य अतिथि खलारी डीएसपी रामनारायण चौधरी ने कहा कि इस टूर्नामेंट में दूर-दराज के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में दर्शक पहुंचते हैं। उन्होंने दर्शकों से अपील की कि वे खेल का आनंद लेने के साथ खिलाड़ियों का उत्साह भी बढ़ाएं। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष उन्होंने टूर्नामेंट का फाइनल मैच देखा था, जिसमें हजारों की संख्या में दर्शक पहुंचे थे। खिलाड़ियों में भी काफी उत्साह देखने को मिलता है और दर्शक अनुशासन के साथ खेल का आनंद लेते हैं। उन्होंने सभी से इस परंपरा को बनाए रखने की अपील की। डीएसपी ने कहा कि क्षेत्र में जब भी पुलिस या प्रशासन की आवश्यकता होगी, वे लोगों के साथ खड़े रहेंगे।

टूर्नामेंट के पहले दिन कुल छह मैच खेले गए। अन्य मुकाबलों में संत जेवियर इंटर कॉलेज मांडर ने ट्राइब्रेकर में दर्श युवा विकास क्लब महुआजाड़ी को 4-3 से हराया। वहीं हीरानागपुर संघ नारों ने राइजिंग स्टार क्लब परयागो को 3-1 से तथा जय मसीह गिरजाटोली लोयो ने अरविंद ब्रदर्स हुरहुरी को 5-3 गोल से पराजित कर अगले दौर में प्रवेश किया।

दूसरे राउंड के मुकाबलों में संत जेवियर कॉलेज मांडर ने खूनी-11 को ट्राइब्रेकर में 4-1 से हराया। वहीं जय मसीह गिरजाटोली लोयो ने हीरानागपुर संघ नारों को 3-0 से शिकस्त देकर क्वार्टर फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली। टूर्नामेंट के तहत दो सितंबर को पहला मुकाबला एनएफसी पोखरटोली और 11-जेन जी की टीम के बीच खेला जाएगा। आयोजन को लेकर क्षेत्र के खिलाड़ियों और खेलप्रेमियों में उत्साह का माहौल है।

मैचों के सफल संचालन में रेफरी शाहिद परवेज की महत्वपूर्ण भूमिका रही। आयोजन समिति के संरक्षक पितरुस खलखो, लखो उरांव, मो. शकिब (छोटू), मो. अब्दुल, तारिक अंसारी, विनोद खलखो, रंजीत खलखो सहित क्षेत्र के कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

You may also like

Leave a Comment