पलामू के जपला रेलवे स्टेशन पर शनिवार को एक बड़ा रेल हादसा होते-होते टल गया। प्लेटफॉर्म नंबर तीन पर डीजीआर पैसेंजर ट्रेन (53611) के पहुंचने के बाद कई यात्री फुट ओवरब्रिज का इस्तेमाल करने के बजाय सीधे रेलवे ट्रैक पार करने लगे। इसी बीच दूसरी लाइन पर मालगाड़ी आ पहुंची, जिसे देखते ही यात्रियों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मालगाड़ी को नजदीक आता देखकर ट्रैक पार कर रहे लोग आनन-फानन में पीछे हटने लगे। इस दौरान मालगाड़ी के लोको पायलट ने लगातार हॉर्न बजाकर लोगों को सतर्क किया। मालगाड़ी की गति कम होने के कारण यात्रियों को समय रहते पटरी से हटने का मौका मिल गया और किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।
काला कंबल वाले बाबा के दरबार से बढ़ी भीड़
बताया जा रहा है कि हुसैनाबाद के कर्पूरी मैदान में इन दिनों काला कंबल वाले बाबा का दरबार आयोजित हो रहा है। इसमें शामिल होने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु और अन्य लोग क्षेत्र में पहुंच रहे हैं। इसका असर जपला रेलवे स्टेशन पर भी दिखाई दे रहा है और यात्रियों की संख्या सामान्य दिनों की तुलना में बढ़ी हुई है।

ट्रेन के स्टेशन पर रुकते ही यात्रियों की भीड़ बढ़ जाती है। ऐसे में कुछ लोग समय बचाने के लिए फुट ओवरब्रिज की जगह रेलवे ट्रैक का रास्ता अपना रहे हैं। शनिवार की घटना इसी लापरवाही के दौरान सामने आई।
भीड़ बढ़ने के साथ सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
घटना के बाद जपला स्टेशन की यात्री सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों और यात्रियों का कहना है कि धार्मिक आयोजन के कारण स्टेशन पर अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए रेलवे को सुरक्षा इंतजाम बढ़ाने चाहिए।
लोगों ने मांग की है कि स्टेशन पर अतिरिक्त सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की जाए और यात्रियों को रेलवे ट्रैक पार करने से रोकने के लिए निगरानी बढ़ाई जाए। साथ ही, भीड़ वाले समय में यात्रियों को फुट ओवरब्रिज का इस्तेमाल करने के लिए लगातार जागरूक करने की व्यवस्था किए जाने की जरूरत बताई गई है।