Table of Contents
मध्य प्रदेश के आगर-मालवा जिले में बारिश के बीच हुआ एक दर्दनाक हादसा ओडिशा के एक परिवार की खुशियों को मातम में बदल गया। नलखेड़ा क्षेत्र में मां बगलामुखी मंदिर के पास तेज बहाव वाले बरसाती नाले में श्रद्धालुओं से भरी कार बह गई। हादसे में 8 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में तीन बच्चे, दो महिलाएं और तीन पुरुष शामिल हैं।
मृतकों में सात लोग ओडिशा के रहने वाले थे, जबकि कार चला रहे व्यक्ति की पहचान आगर-मालवा के बड़ौद निवासी अरुण गोयल के रूप में हुई है। बताया गया कि बेहरा परिवार धार्मिक यात्रा पर निकला था। परिवार ने 16 सितंबर को यात्रा शुरू की थी, लेकिन उन्हें अंदाजा नहीं था कि यही सफर उनके लिए आखिरी साबित होगा।
27 सितंबर को होनी थी बेटी की शादी
इस हादसे ने सबसे ज्यादा उस परिवार को झकझोर दिया, जहां कुछ ही दिनों में दो बड़े शुभ कार्यक्रम होने वाले थे। भुवनेश्वर के जयदेव विहार चौक में ढाबा चलाने वाले बनमाली बेहरा के परिवार में बेटी की शादी की तैयारियां चल रही थीं। उनकी 30 वर्षीय बेटी राधा रानी बेहरा की शादी 27 सितंबर को तय थी।
इसी दौरान परिवार नए घर के गृह प्रवेश की तैयारियां भी कर रहा था। घर में विवाह और नए आशियाने में प्रवेश को लेकर उत्साह का माहौल था। लेकिन धार्मिक यात्रा के दौरान हुए हादसे ने एक झटके में इन सभी तैयारियों को शोक में बदल दिया।

तेज बहाव में संभलने का भी नहीं मिला मौका
आगर-मालवा के पुलिस अधीक्षक दिलीप कुमार सोनी के अनुसार, नलखेड़ा स्थित मां बगलामुखी मंदिर के आसपास पिछली रात हुई भारी बारिश के कारण बरसाती नाले का जलस्तर अचानक बढ़ गया था। पानी का बहाव बेहद तेज था। इसी दौरान श्रद्धालुओं से भरी कार नाले की चपेट में आकर बह गई।
पुलिस के मुताबिक, पानी का प्रवाह इतना तेज था कि कार में मौजूद लोगों को संभलने या सुरक्षित निकलने का पर्याप्त अवसर नहीं मिल सका। घटना की सूचना मिलने के बाद राहत और बचाव अभियान चलाया गया।
पोस्टमार्टम के बाद ओडिशा भेजे गए शव
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान राधा रानी बेहरा, ज्ञानेंद्र बेहरा, रीता रानी बेहरा, बी. साई बेहरा, शाहिरा, कृष्ण राजवीर और शिव प्रसाद बेहरा के रूप में बताई गई है। आठवें मृतक कार चालक अरुण गोयल थे।
सभी शवों का पोस्टमार्टम कराने के बाद उन्हें सम्मानपूर्वक ओडिशा भेज दिया गया। जानकारी के अनुसार, परिवार ने उज्जैन से कार किराये पर ली थी और मां बगलामुखी मंदिर के दर्शन के लिए नलखेड़ा पहुंचा था।
मुख्यमंत्री ने जताया शोक, आर्थिक सहायता का ऐलान
हादसे की जानकारी सामने आने के बाद ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी और बीजद प्रमुख नवीन पटनायक ने घटना पर दुख जताया। मुख्यमंत्री माझी ने मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये की सहायता देने की घोषणा की है।
बताया गया है कि सभी मृतकों का अंतिम संस्कार सोमवार को पुरी के स्वर्गद्वार में किया जाएगा।
जिस परिवार में कुछ ही दिनों बाद शादी की शहनाई बजने वाली थी और नए घर में प्रवेश की तैयारियां चल रही थीं, वहां अब अपनों को अंतिम विदाई देने की तैयारी है। नलखेड़ा की इस त्रासदी ने एक परिवार की तीन पीढ़ियों को गहरे शोक में डुबो दिया है।
हैदराबाद से विश्वनाथ देहाती की रिपोर्ट