Tuesday, October 6, 2026
Home » जामताड़ा : SBI क्रेडिट कार्ड के नाम पर चल रहा साइबर ठगी का खेल, पुलिस ने आरोपी को दबोचा

जामताड़ा : SBI क्रेडिट कार्ड के नाम पर चल रहा साइबर ठगी का खेल, पुलिस ने आरोपी को दबोचा

by उर्वशी शेखर
0 comments

जामताड़ा में साइबर अपराधियों के खिलाफ चल रही कार्रवाई के दौरान पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। साइबर थाना पुलिस ने ऐसे गिरोह का खुलासा किया है, जो SBI क्रेडिट कार्ड बंद होने का डर दिखाकर लोगों को नया कार्ड जारी कराने का झांसा देता था। इसी बहाने पीड़ितों से उनकी गोपनीय बैंकिंग जानकारी हासिल कर उनके खातों से रकम निकाल ली जाती थी। मामले में पुलिस ने महताब अंसारी को गिरफ्तार किया है। आरोपी कर्माटांड़ थाना क्षेत्र के बरमुंडी गांव का रहने वाला बताया गया है।

पुलिस को आरोपी के साइबर ठगी में सक्रिय होने की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर साइबर थाना की टीम ने कर्माटांड़ क्षेत्र में कार्रवाई की। टीम ने सकलपुर-बरमुंडी सड़क के पास भेलवाटांड़ इलाके में बांस की झाड़ियों को घेरकर छापेमारी की, जहां से महताब अंसारी को कथित तौर पर साइबर अपराध करते हुए पकड़ा गया।

तलाशी के दौरान उसके पास से चार मोबाइल फोन और अलग-अलग कंपनियों के पांच फर्जी सिम कार्ड बरामद किए गए। साइबर थाना प्रभारी राजेश मंडल के अनुसार, बरामद उपकरणों और सिम कार्ड की जांच की जा रही है। पुलिस को आशंका है कि इनका इस्तेमाल ठगी के लिए किया जा रहा था।

जांच में सामने आया है कि आरोपी ठगी के लिए लोगों को पहले क्रेडिट कार्ड से जुड़ी समस्या का हवाला देकर अपने विश्वास में लेता था। इसके बाद समाधान या नया कार्ड जारी कराने के नाम पर मोबाइल में APK फाइल इंस्टॉल करवाता था। इस फाइल के जरिए मोबाइल में मौजूद क्रेडिट कार्ड से संबंधित संवेदनशील जानकारी अपराधियों तक पहुंच जाती थी, जिसका इस्तेमाल बाद में आर्थिक ठगी के लिए किया जाता था।

पुलिस का दावा है कि गिरफ्तार आरोपी का साइबर अपराध का नेटवर्क जामताड़ा तक सीमित नहीं है। वह देश के अलग-अलग राज्यों में इसी तरह की वारदातों को अंजाम दे चुका है। फिलहाल पुलिस उसके नेटवर्क, पूर्व में की गई ठगी और उससे जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाने में लगी है।

You may also like

Leave a Comment