Tuesday, October 6, 2026
Home » रांची के स्कूलों में छात्राओं को मिलेगी आत्मरक्षा की ट्रेनिंग, 3 महीने चलेगा अभियान

रांची के स्कूलों में छात्राओं को मिलेगी आत्मरक्षा की ट्रेनिंग, 3 महीने चलेगा अभियान

by उर्वशी शेखर
0 comments

रांची जिले के चयनित विद्यालयों में छात्राओं को अब नियमित रूप से आत्मरक्षा का प्रशिक्षण दिया जाएगा। शैक्षणिक सत्र 2026-27 में नामांकित छात्राओं के लिए शुरू होने वाला यह कार्यक्रम तीन महीने तक चलेगा। इसका मकसद छात्राओं को आत्मरक्षा की तकनीकों के साथ आत्मविश्वास और सुरक्षा के प्रति जागरूकता से जोड़ना है।

झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद के निर्देश पर संचालित होने वाले इस कार्यक्रम के तहत प्रत्येक चयनित स्कूल को प्रशिक्षक के मानदेय के लिए हर महीने 5 हजार रुपये मिलेंगे। तीन महीने के प्रशिक्षण के लिए कुल 15 हजार रुपये निर्धारित किए गए हैं।

महिला प्रशिक्षक सिखाएंगी आत्मरक्षा के गुर

प्रशिक्षण के लिए ताइक्वांडो, वुशु, जूडो-कराटे जैसी विधाओं में दक्ष महिला प्रशिक्षकों का चयन झारखंड ओलंपिक एसोसिएशन के माध्यम से किया जाएगा। प्रशिक्षक स्कूलों में जाकर छात्राओं को आत्मरक्षा की विभिन्न तकनीकों का नियमित अभ्यास कराएंगी।

15 दिसंबर तक देना होगा पूरा रिकॉर्ड

कार्यक्रम की निगरानी की जिम्मेदारी विद्यालयों को दी गई है। जिला शिक्षा पदाधिकारी-सह-जिला कार्यक्रम पदाधिकारी ने स्कूल प्रबंधन को प्रशिक्षण की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए हैं।

प्रशिक्षण पूरा होने के बाद विद्यालयों को प्रतिवेदन, उपयोगिता प्रमाण-पत्र (SOE) और दो तस्वीरें जिला कार्यालय में जमा करनी होंगी। सभी संबंधित दस्तावेज 15 दिसंबर तक उपलब्ध कराने होंगे। जिला प्रशासन ने प्रधानाध्यापकों और विद्यालय प्रबंधन समितियों से कार्यक्रम को प्रभावी बनाने में सहयोग करने की अपील की है।

You may also like

Leave a Comment