Wednesday, October 7, 2026
Home » झारखंड के 48 हजार शिक्षकों को मिलेगा तबादले का मौका, ऐसे कर सकते हैं ऑनलाइन आवेदन

झारखंड के 48 हजार शिक्षकों को मिलेगा तबादले का मौका, ऐसे कर सकते हैं ऑनलाइन आवेदन

by उर्वशी शेखर
0 comments

झारखंड के प्राथमिक विद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों के लिए लंबे इंतजार के बाद तबादले का रास्ता खुलने जा रहा है। शिक्षा विभाग ने इसके लिए नया ऑनलाइन ट्रांसफर पोर्टल तैयार किया है। विभागीय सूत्रों के अनुसार, 15 सितंबर के बाद शिक्षकों से ऑनलाइन आवेदन लिए जाने की संभावना है।

नई व्यवस्था में शिक्षक न केवल अपने जिले के भीतर, बल्कि दूसरे जिले में भी तबादले के लिए अनुरोध कर सकेंगे। आवेदन की पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से होगी। इसका लाभ करीब 48 हजार सरकारी प्राथमिक शिक्षकों को मिलने की उम्मीद है।

पुरानी तकनीकी खामियों के बाद तैयार हुआ नया पोर्टल

शिक्षकों के तबादले के लिए इससे पहले 2019 और 2022 में भी ऑनलाइन पोर्टल तैयार किए गए थे, लेकिन परीक्षण के दौरान तकनीकी समस्याओं के कारण प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ सकी। इसके बाद शिक्षा विभाग ने नए सिरे से व्यवस्था तैयार करने का फैसला लिया।

नया पोर्टल अप्रैल में तैयार हो गया था, लेकिन सुरक्षा जांच पूरी नहीं होने के कारण इसे सार्वजनिक नहीं किया गया। अब सिक्योरिटी ऑडिट अंतिम चरण में है। विभागीय सूत्रों के मुताबिक, करीब दस दिनों के भीतर पोर्टल सक्रिय किया जा सकता है।

21 हजार से ज्यादा प्राथमिक विद्यालय

राज्य में कुल 21,179 प्राथमिक विद्यालय हैं। इनमें करीब 64 हजार सरकारी शिक्षक कार्यरत बताए जाते हैं। इनमें लगभग 48 हजार सरकारी शिक्षक हैं, जबकि अन्य पारा शिक्षक और सहायक शिक्षक हैं।

इन शिक्षकों को मिल सकती है प्राथमिकता

तबादले की प्रक्रिया में कुछ श्रेणियों को प्राथमिकता दिए जाने का प्रावधान रखा गया है। इनमें शामिल हैं:

  • असाध्य बीमारी से जूझ रहे शिक्षक
  • पति-पत्नी दोनों के सरकारी सेवा में होने की स्थिति
  • 50 वर्ष से अधिक आयु की महिला शिक्षिका
  • समान पद और विषय वाले शिक्षकों का आपसी सहमति से तबादला

नई व्यवस्था से शिक्षक गृह जिले या परिवार के अनुकूल स्थान पर पदस्थापन के लिए आवेदन कर सकेंगे। हालांकि, तबादले का अनुरोध करने के लिए ऑनलाइन आवेदन करना अनिवार्य होगा।

You may also like

Leave a Comment