Tuesday, October 6, 2026
Home » रांची में बनेगा ‘फ्लाइओवर ट्रायंगल’, अक्टूबर से शुरू हो सकता है निर्माण

रांची में बनेगा ‘फ्लाइओवर ट्रायंगल’, अक्टूबर से शुरू हो सकता है निर्माण

by उर्वशी शेखर
0 comments

रांची में बढ़ते ट्रैफिक दबाव से राहत देने के लिए राज्य सरकार ने शहर में तीन नए फ्लाइओवर के निर्माण की दिशा में अहम कदम आगे बढ़ाया है। हरमू, अरगोड़ा-चापुटोली और करमटोली-चिरौंदी फ्लाइओवर की टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और तीनों परियोजनाओं के लिए एल-1 एजेंसियों का चयन किया जा चुका है। अब दरों पर बातचीत और वर्क ऑर्डर की प्रक्रिया पूरी होने के बाद निर्माण शुरू होगा।

सरकार की योजना है कि अक्टूबर 2026 से इन तीनों परियोजनाओं पर काम शुरू करा दिया जाए। इन फ्लाइओवर के तैयार होने के बाद शहर के कई ऐसे प्रमुख मार्गों पर यातायात व्यवस्था बेहतर होने की उम्मीद है, जहां व्यस्त समय में वाहनों का दबाव लगातार बढ़ता है।

हरमू फ्लाइओवर सबसे लंबा

प्रस्तावित परियोजनाओं में हरमू फ्लाइओवर करीब 3.5 किलोमीटर लंबा होगा। इसका निर्माण सहजानंद चौक से आगे शुरू होकर हरमू रोड और रातू रोड को पार करते हुए कांके रोड स्थित जज कॉलोनी तक प्रस्तावित है। परियोजना की अनुमानित लागत करीब 326.61 करोड़ रुपये है।

योजना के तहत सहजानंद चौक की तरफ से आने वाले वाहनों के लिए रातू रोड की दिशा में जाने का वैकल्पिक मार्ग भी विकसित किया जाएगा। इसके लिए गोशाला के सामने फ्लाइओवर से उतरने की व्यवस्था प्रस्तावित है।

हरमू फ्लाइओवर का निर्माण हिंदुस्तान कंस्ट्रक्शन कंपनी (HCC), मुंबई करेगी। कंपनी देश की प्रमुख इंफ्रास्ट्रक्चर कंपनियों में शामिल है और बांद्रा-वर्ली सी लिंक जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाओं से भी जुड़ी रही है।

अरगोड़ा से चापुटोली तक बढ़ेगी कनेक्टिविटी

अरगोड़ा-चापुटोली फ्लाइओवर की लंबाई करीब 3.804 किलोमीटर होगी। इसके लिए करीब 223.14 करोड़ रुपये का टेंडर जारी किया गया है। प्रस्तावित फ्लाइओवर हरमू रोड पर काव्स रेस्टोरेंट के आसपास से शुरू होकर डिबडीह ब्रिज से पहले तक जाएगा।

परियोजना में अरगोड़ा चौक से कटहल मोड़ की तरफ चापुटोली और अशोक नगर रोड नंबर-3 तक कनेक्टिविटी देने का भी प्रावधान है। इसके अलावा वाहनों की आवाजाही को सुगम बनाने के लिए राउंडअबाउट की व्यवस्था भी प्रस्तावित है।

इस परियोजना के लिए दिनेश चंद्र आर. अग्रवाल इंफ्राकॉन कंपनी एल-1 के रूप में चुनी गई है।

करमटोली से चिरौंदी तक बनेगा फ्लाइओवर

तीसरी परियोजना करमटोली-चिरौंदी फ्लाइओवर की है। करीब 3.216 किलोमीटर लंबी इस योजना के तहत करमटोली चौक से साइंस सिटी होते हुए चिरौंदी तक फ्लाइओवर बनाया जाएगा।

इसमें लगभग 2.7 किलोमीटर मुख्य फ्लाइओवर और करीब 0.52 किलोमीटर की लिंक रोड मोरहाबादी की ओर प्रस्तावित है। परियोजना की लागत करीब 351 करोड़ रुपये बताई गई है। इसके निर्माण के लिए शिवालया कंस्ट्रक्शन कंपनी को एल-1 चुना गया है।

अब वर्क ऑर्डर का इंतजार

तीनों परियोजनाओं में ठेकेदार एजेंसियों का चयन हो जाने के बाद अब अगला चरण रेट नेगोशिएशन और वर्क ऑर्डर जारी करने का है। इसके बाद निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।

इन तीनों फ्लाइओवर का उद्देश्य रांची के प्रमुख व्यस्त मार्गों पर वाहनों के दबाव को कम करना और अलग-अलग इलाकों के बीच आवाजाही को आसान बनाना है। यदि निर्माण कार्य तय समयसीमा के अनुसार शुरू हुआ, तो अक्टूबर से राजधानी में तीन बड़े फ्लाइओवर परियोजनाओं का निर्माण जमीन पर नजर आने लगेगा।

You may also like

Leave a Comment