पश्चिमी सिंहभूम के मनोहरपुर थाना क्षेत्र स्थित सिमीरता गांव में शनिवार रात हथियारबंद बदमाशों ने एक बर्तन व्यापारी को गोली मारकर घायल कर दिया। वारदात करीब रात 10 बजे की बताई जा रही है। घटना के दौरान बदमाशों ने दुकान से करीब 50 हजार रुपये नकद भी ले लिए। हालांकि, व्यापारी और उसके साथियों की तत्परता से एक आरोपी पकड़ा गया, जबकि उसका साथी मौके से भागने में सफल रहा।
घायल व्यापारी की पहचान पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद निवासी 39 वर्षीय सुरजीत दास के रूप में हुई है। वह अपने साले संजय दास और सहयोगी कृष्णा प्रामाणिक के साथ सिमीरता गांव में किराये की दुकान लेकर बर्तन का कारोबार करते हैं।
जानकारी के मुताबिक, शनिवार रात दो नकाबपोश हथियारबंद युवक उनकी दुकान में पहुंचे। आरोपियों ने दुकान का शटर बंद कर दिया और हथियार दिखाकर नकदी अपने कब्जे में ले ली। इसी दौरान सुरजीत ने इसका विरोध किया। आरोप है कि विरोध करने पर एक बदमाश ने उनके पेट में गोली चला दी।

गोली लगने के बावजूद सुरजीत और उनके साथियों ने हिम्मत नहीं छोड़ी। उन्होंने मौके पर ही एक आरोपी को पकड़ लिया। इस बीच दूसरा बदमाश लूटी गई रकम लेकर वहां से निकल गया। दुकान से शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण भी मौके पर पहुंचे और पकड़े गए युवक को बांधकर पुलिस के हवाले कर दिया।
घटना की जानकारी मिलने के बाद मनोहरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। तलाशी के दौरान घटनास्थल से एक पिस्तौल और मैगजीन बरामद की गई। पुलिस ने घायल सुरजीत दास के साथ पकड़े गए आरोपी को भी इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है।
पुलिस फरार आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। साथ ही लूट की रकम और वारदात में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।