Tuesday, October 6, 2026
Home » सरकारी मेडिकल कॉलेजों में नौकरी का सुनहरा मौका, 65 पदों पर बहाली; जानिये पूरी डिटेल्स

सरकारी मेडिकल कॉलेजों में नौकरी का सुनहरा मौका, 65 पदों पर बहाली; जानिये पूरी डिटेल्स

by उर्वशी शेखर
0 comments

झारखंड के सरकारी मेडिकल कॉलेजों में शिक्षकों की कमी दूर करने की दिशा में स्वास्थ्य विभाग ने भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी है। स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग ने राज्य के पांच मेडिकल कॉलेजों में एसोसिएट प्रोफेसर के कुल 65 पदों पर संविदा नियुक्ति के लिए विज्ञापन जारी किया है। इनमें 53 नियमित श्रेणी के रिक्त पद और 12 बैकलॉग पद शामिल हैं।

भर्ती के दायरे में SNMMCH धनबाद, MGM मेडिकल कॉलेज जमशेदपुर, फूलो झानो मेडिकल कॉलेज दुमका, मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज पलामू और शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज हजारीबाग शामिल हैं।

53 सामान्य रिक्तियों में 35 पद अनारक्षित वर्ग के लिए निर्धारित हैं। इसके अलावा ST के 9, SC के 4, पिछड़ा वर्ग के 4 और EWS के लिए 1 पद रखा गया है। वहीं 12 बैकलॉग पदों में ST के 3, SC के 4, पिछड़ा-I के 4 और पिछड़ा-II का 1 पद शामिल है।

मेडिसिन में सबसे अधिक वैकेंसी

विभाग की ओर से जारी रिक्तियों में मेडिसिन विभाग सबसे आगे है, जहां 9 एसोसिएट प्रोफेसर नियुक्त किए जाएंगे। रेडियोलॉजी में 6 और रेडियोथेरेपी में 5 पद हैं। एनाटॉमी, ऑप्थेल्मोलॉजी और एनेस्थीसिया के लिए 4-4 पद निर्धारित किए गए हैं।

इसके अलावा पैथोलॉजी, सर्जरी और डर्मेटोलॉजी में 3-3 पद हैं। फिजियोलॉजी, ऑर्थोपेडिक्स, ENT तथा फिजिकल मेडिसिन एंड रिहैबिलिटेशन में 2-2 पद उपलब्ध हैं। बायोकेमिस्ट्री, पीडियाट्रिक्स, ऑब्सटेट्रिक्स एंड गायनेकोलॉजी और TB एंड चेस्ट विभाग में एक-एक सामान्य पद है।

बैकलॉग श्रेणी में माइक्रोबायोलॉजी और फार्माकोलॉजी में एक-एक, कम्युनिटी मेडिसिन (PSM) में 2, ऑप्थेल्मोलॉजी में 1, एनेस्थीसिया में 3, साइकियाट्री में 2 और डेंटिस्ट्री में 2 पद शामिल हैं।

2 लाख रुपये मासिक मानदेय, अधिकतम उम्र 70 वर्ष

चयनित अभ्यर्थियों को हर महीने 2 लाख रुपये का निश्चित मानदेय मिलेगा। इसके अतिरिक्त किसी तरह का भत्ता अथवा अन्य वित्तीय लाभ देय नहीं होगा। संविदा पर नियुक्ति की अवधि अधिकतम दो वर्ष तय की गई है।

हालांकि, संबंधित पद पर नियमित नियुक्ति या पदोन्नति हो जाने पर संविदा सेवा निर्धारित अवधि से पहले भी समाप्त की जा सकती है। कार्य संतोषजनक रहने और वित्त विभाग से स्वीकृति मिलने पर नियुक्ति की अवधि को एक-एक वर्ष के लिए आगे बढ़ाने का प्रावधान रखा गया है।

आवेदन के लिए अधिकतम आयु सीमा 70 वर्ष है। अभ्यर्थियों के लिए MCI/NMC के निर्धारित मानकों के अनुरूप शैक्षणिक योग्यता के साथ आवश्यक अनुभव होना अनिवार्य है। चयन प्रक्रिया में वॉक-इन इंटरव्यू के साथ दस्तावेजों का सत्यापन किया जाएगा।

RIMS में 21 सितंबर को इंटरव्यू

इन पदों के लिए 21 सितंबर 2026 को सुबह 10:30 बजे रांची स्थित RIMS के प्रशासनिक भवन में वॉक-इन इंटरव्यू आयोजित किया जाएगा। अभ्यर्थियों को निर्धारित आवेदन पत्र के साथ इंटरव्यू स्थल पर पहुंचना होगा।

उन्हें मूल प्रमाण पत्रों के अलावा शैक्षणिक योग्यता और अनुभव से संबंधित प्रमाण पत्रों की स्वप्रमाणित प्रतियां, जाति प्रमाण पत्र तथा पासपोर्ट साइज फोटो भी साथ लानी होगी।

विभाग ने विज्ञापन में यह भी स्पष्ट किया है कि प्रशासनिक आवश्यकता के अनुसार घोषित रिक्तियों की संख्या में बदलाव किया जा सकता है।

You may also like

Leave a Comment