Wednesday, October 7, 2026
Home » गणेश विसर्जन के दौरान संगारेड्डी में दर्दनाक हादसा, तालाब में डूबने से 6 छात्रों की मौ*त

गणेश विसर्जन के दौरान संगारेड्डी में दर्दनाक हादसा, तालाब में डूबने से 6 छात्रों की मौ*त

by उर्वशी शेखर
0 comments

तेलंगाना के संगारेड्डी जिले में गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान बुधवार शाम एक दर्दनाक हादसे में छह छात्रों की जान चली गई। घटना पटनचेरू मंडल के पेड्डा कांजेरला स्थित नेरेड्डू चेरुवु तालाब में करीब शाम 7 बजे हुई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई।

जानकारी के मुताबिक, करीब 10 से 12 छात्रों का समूह गणेश प्रतिमा को विसर्जन के लिए तालाब में लेकर गया था। प्रतिमा को कुछ और दूरी तक पानी में ले जाने के लिए कुछ छात्र तालाब के भीतर उतर गए। इसी दौरान पानी के अंदर जमीन का एक हिस्सा धंस गया और कई छात्र अचानक गहरे पानी में चले गए।

प्रतिमा का वजन बढ़ने से जमीन धंसने की आशंका

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शुरुआत में विसर्जन की प्रक्रिया सामान्य रूप से चल रही थी। लेकिन प्रतिमा को आगे ले जाने के दौरान उसके भार के कारण तालाब के भीतर जमीन धंस गई। इसी वजह से कुछ छात्र संतुलन खोकर पानी में गिर गए।

बताया जा रहा है कि मौके पर मौजूद कुछ सीनियर छात्रों ने जूनियर छात्रों को पानी के अंदर जाने से मना भी किया था। इसके बावजूद कुछ छात्र प्रतिमा को आगे ले जाने के लिए तालाब में उतर गए। हादसा होते ही वहां मौजूद लोगों ने छात्रों को बचाने का प्रयास शुरू किया।

छह छात्रों की गई जान

हादसे में नरसिम्हा राजू, सुमंत, गणेश, उदय किरण, श्याम कुमार और सिद्धार्थ की मौत हो गई। मृतकों में सुमंत और गणेश डिप्लोमा द्वितीय वर्ष, उदय किरण डिप्लोमा तृतीय वर्ष और श्याम कुमार डिप्लोमा प्रथम वर्ष के छात्र थे। वहीं सिद्धार्थ दसवीं कक्षा में पढ़ता था।

स्थानीय लोगों और अन्य छात्रों ने पानी में फंसे युवकों को बाहर निकालने की कोशिश की। सभी को तालाब से बाहर लाने के बाद सीपीआर देने का प्रयास भी किया गया, लेकिन किसी की जान नहीं बचाई जा सकी।

मृतक छात्रों में कुछ के वारंगल, भद्राचलम, अमलापुरम और संगारेड्डी से संबंधित होने की जानकारी सामने आई है। हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया। गणेश उत्सव के बीच हुई इस घटना से पूरे इलाके में मातम का माहौल है।

You may also like

Leave a Comment