Tuesday, October 6, 2026
Home » त्योहारों से पहले रोशन होंगी रांची की गलियां; 5,300 नई LED स्ट्रीट लाइटें लगाने की तैयारी

त्योहारों से पहले रोशन होंगी रांची की गलियां; 5,300 नई LED स्ट्रीट लाइटें लगाने की तैयारी

by उर्वशी शेखर
0 comments

त्योहारी मौसम से पहले राजधानी रांची की सड़कों और गलियों को रोशन करने की तैयारी तेज हो गई है। रांची नगर निगम ने शहर के उन इलाकों को चिह्नित कर वहां नई स्ट्रीट लाइट लगाने की योजना बनाई है, जहां फिलहाल पर्याप्त रोशनी नहीं है। इसके तहत शहर में 5,300 नई LED स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएंगी।

नगर निगम ने इस काम के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है। चयनित एजेंसी को अलग-अलग जरूरत के मुताबिक 75, 90 और 120 वॉट क्षमता वाली आधुनिक LED लाइटों की आपूर्ति के साथ उनकी स्थापना का काम भी करना होगा।

तीन साल तक रखरखाव की जिम्मेदारी

नगर निगम ने सिर्फ लाइट लगाने तक योजना सीमित नहीं रखी है। टेंडर की शर्तों के अनुसार, जिस कंपनी को काम मिलेगा, उसे नई स्ट्रीट लाइटों के अगले तीन वर्षों तक रखरखाव की जिम्मेदारी भी निभानी होगी। इससे खराब होने वाली लाइटों की मरम्मत और उनकी कार्यशीलता बनाए रखने की व्यवस्था सुनिश्चित करने का प्रयास किया गया है।

नई लाइटें शहर में पहले से मौजूद करीब 60 हजार स्ट्रीट लाइटों के नेटवर्क में जुड़ेंगी। इससे खासकर संकरी गलियों और वर्तमान में कम रोशनी वाले इलाकों में प्रकाश व्यवस्था बेहतर होने की उम्मीद है।

53 वार्डों में 28 टीमें संभाल रहीं शिकायतें

पुरानी स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत और नागरिकों से मिलने वाली शिकायतों के त्वरित निपटारे के लिए भी नगर निगम ने व्यवस्था मजबूत की है। शहर के 53 वार्डों में 28 विशेष टीमों को तैनात किया गया है।

नगर निगम का फोकस नई लाइटें लगाने के साथ मौजूदा प्रकाश व्यवस्था को भी लगातार दुरुस्त रखने पर है, ताकि त्योहारी सीजन में शहर की प्रमुख सड़कों के साथ-साथ आवासीय इलाकों और गलियों में भी रोशनी की बेहतर व्यवस्था बनी रहे।

You may also like

Leave a Comment