रांची के डोरंडा थाना क्षेत्र में रविवार रात सड़क किनारे खड़े एक युवक को तेज रफ्तार क्रेटा कार ने टक्कर मार दी। हादसे में 20 वर्षीय दीपक कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने उसे अस्पताल पहुंचाने की कोशिश की, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। दुर्घटना के बाद कार चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।
घटना रात करीब 9:30 बजे कुसई चौक के समीप कुसई कॉलोनी में शराब दुकान के सामने हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सफेद रंग की क्रेटा तेज गति से आ रही थी। सड़क किनारे खड़े दीपक को कार ने जोरदार टक्कर मारी और इसके बाद वाहन उसके ऊपर से गुजर गया। गंभीर चोट लगने के कारण उसकी हालत बेहद नाजुक हो गई और अस्पताल ले जाते समय उसने दम तोड़ दिया।
दीपक कुसई कॉलोनी का निवासी था और फुचका बेचकर अपने परिवार की आजीविका चलाता था। उसकी मौत की सूचना मिलने के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों में नाराजगी फैल गई। मामले में दीपक के भाई रौशन कुमार ने डोरंडा थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। शिकायत में क्रेटा कार संख्या जेएच-01जीए-5607 के चालक पर तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाने का आरोप लगाया गया है।

सोमवार को परिजन और स्थानीय लोग सड़क पर उतर आए। घाघरा के पास लोगों ने दीपक का शव सड़क पर रखकर आवागमन रोक दिया। करीब दोपहर 2:30 बजे शुरू हुआ विरोध शाम 4 बजे तक चला। प्रदर्शन के दौरान लोगों ने टायर जलाकर आरोपी चालक को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की। जाम के कारण सड़क पर वाहनों की आवाजाही भी प्रभावित हुई।
सूचना मिलने पर डोरंडा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास किया। पुलिस की ओर से मामले में कार्रवाई और आरोपी के खिलाफ उचित कदम उठाने का भरोसा दिए जाने के बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ। पुलिस प्राथमिकी के आधार पर दुर्घटना की जांच कर रही है और फरार चालक की तलाश में जुटी है।