रंका थाना क्षेत्र में बुधवार को सड़क हादसे में 50 वर्षीय एक व्यक्ति की जान चली गई। रंका-चिनियां मुख्य मार्ग पर माझीगांवा गांव के मेन रोड के समीप तेज गति से आ रही बाइक ने पैदल जा रहे महेंद्र चंद्रवंशी को पीछे से टक्कर मार दी। हादसा इतना गंभीर था कि उन्होंने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
मृतक की पहचान रंका खुर्द के देशहवा टोला निवासी महेंद्र चंद्रवंशी, पिता बालगोबिंद राम के रूप में हुई है। बताया गया कि महेंद्र माझीगांवा से पैदल अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान पीछे से आई बाइक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।

हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस
दुर्घटना की सूचना मिलने के बाद रंका थाना की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, महेंद्र सड़क किनारे पैदल घर की ओर जा रहे थे, तभी तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें टक्कर मार दी। पुलिस फिलहाल दुर्घटना के कारणों और पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।