Wednesday, October 7, 2026
Home » झारखंड हाईकोर्ट में बढ़ी ‘न्यायिक ताकत, मुख्य न्यायाधीश ने तीन नए जजों को दिलाई शपथ

झारखंड हाईकोर्ट में बढ़ी ‘न्यायिक ताकत, मुख्य न्यायाधीश ने तीन नए जजों को दिलाई शपथ

by उर्वशी शेखर
0 comments

झारखंड हाईकोर्ट में बुधवार को तीन नए न्यायाधीशों की नियुक्ति के साथ न्यायिक व्यवस्था को और मजबूती मिली है। मनोज प्रसाद, अखिल कुमार और राम शर्मा ने हाईकोर्ट के न्यायाधीश के रूप में पदभार ग्रहण किया। मुख्य न्यायाधीश एमएस सोनक ने तीनों को पद की शपथ दिलाई। इनके योगदान के बाद हाईकोर्ट में कार्यरत न्यायाधीशों की संख्या 13 से बढ़कर 16 हो गई है।

हाईकोर्ट परिसर में सुबह 10:15 बजे आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में मुख्य न्यायाधीश ने नवनियुक्त न्यायाधीशों को क्रमवार शपथ दिलाई। इस अवसर पर हाईकोर्ट के अन्य न्यायाधीश, अधिवक्ता, न्यायिक अधिकारी और नवनियुक्त जजों के परिजन एवं रिश्तेदार उपस्थित रहे।

तीनों न्यायाधीश पहले संभाल रहे थे जिला न्यायालयों की जिम्मेदारी

हाईकोर्ट में नियुक्ति से पहले तीनों न्यायिक अधिकारी झारखंड के अलग-अलग जिलों में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश के रूप में कार्यरत थे।

  • मनोज प्रसाद: गढ़वा के प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश थे
  • अखिल कुमार: साहिबगंज में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश के पद पर कार्यरत थे
  • राम शर्मा: पलामू के प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश की जिम्मेदारी संभाल रहे थे

अब तीनों न्यायाधीश झारखंड हाईकोर्ट में अपनी नई न्यायिक जिम्मेदारियों का निर्वहन करेंगे।

19 सितंबर को जारी हुई थी नियुक्ति की अधिसूचना

तीनों न्यायाधीशों की नियुक्ति की प्रक्रिया पूरी होने के बाद केंद्र सरकार ने 19 सितंबर को आधिकारिक अधिसूचना जारी की थी। सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश के परामर्श और राष्ट्रपति की स्वीकृति के बाद उनकी नियुक्ति को मंजूरी मिली थी।

बुधवार को शपथ ग्रहण के साथ ही तीनों न्यायाधीशों ने औपचारिक रूप से हाईकोर्ट में योगदान दे दिया।

लंबित मामलों की सुनवाई में तेजी आने की उम्मीद

तीन नए न्यायाधीशों के शामिल होने से झारखंड हाईकोर्ट की न्यायिक क्षमता में वृद्धि हुई है। न्यायाधीशों की संख्या बढ़ने से विभिन्न पीठों में मामलों की सुनवाई और लंबित वादों के निष्पादन में तेजी आने की उम्मीद जताई जा रही है। इससे न्यायिक कार्यों के संचालन में भी सहूलियत होगी।

You may also like

Leave a Comment