झारखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की प्रक्रिया अब अंतिम चरण में पहुंच गई है। दावे और आपत्तियां दर्ज कराने की समयसीमा 30 सितंबर को समाप्त हो रही है। ऐसे में जिन लोगों को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, हटवाने या उसमें किसी तरह का संशोधन कराने की जरूरत है, उन्हें निर्धारित समय सीमा के भीतर संबंधित फॉर्म जमा करना होगा।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय से उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, 24 सितंबर तक फॉर्म-6 के जरिए 6,07,748 आवेदन प्राप्त हुए हैं। वहीं विदेश में रहने वाले भारतीय मतदाताओं के लिए इस्तेमाल होने वाले फॉर्म-6A के 99 आवेदन मिले हैं। मतदाता सूची से नाम हटाने के लिए फॉर्म-7 के तहत 11,131 आवेदन और विवरण या मतदान केंद्र से जुड़ी आवश्यक प्रक्रिया के लिए फॉर्म-8 के 4,06,415 आवेदन प्राप्त हुए हैं।

मतदाताओं की सुविधा के लिए अलग-अलग जरूरत के अनुसार फॉर्म निर्धारित किए गए हैं। फॉर्म-6 नए मतदाता का नाम सूची में शामिल कराने के लिए है, जबकि फॉर्म-6A विदेश में रह रहे भारतीय नागरिकों के पंजीकरण से संबंधित है। किसी मतदाता का नाम सूची से हटाने के लिए फॉर्म-7 और परिवार के सदस्यों को एक ही मतदान केंद्र से जोड़ने के लिए फॉर्म-8 का इस्तेमाल किया जाता है।
इनमें से किसी भी प्रक्रिया के लिए आवेदन करना है तो 30 सितंबर तक संबंधित फॉर्म जमा करना जरूरी होगा। ऑनलाइन आवेदन की सुविधा ECINET ऐप और निर्वाचन आयोग की वेबसाइट voters.eci.gov.in पर उपलब्ध है।
SIR की पूरी प्रक्रिया पूरी होने के बाद 19 अक्टूबर को अंतिम मतदाता सूची (Final Roll) प्रकाशित की जाएगी। इसलिए मतदाताओं के लिए यह समय अपनी प्रविष्टियों की जांच करने और जरूरी सुधार के लिए आवेदन करने का अंतिम अवसर है।