Tuesday, October 6, 2026
Home » शहीद एतवा उरांव फुटबॉल टूर्नामेंट में रोमांचक मुकाबले, कंजिया और तिगरा ने टाईब्रेकर में मारी बाजी

शहीद एतवा उरांव फुटबॉल टूर्नामेंट में रोमांचक मुकाबले, कंजिया और तिगरा ने टाईब्रेकर में मारी बाजी

by उर्वशी शेखर
0 comments

रांची| रांची जिले के मांडर प्रखंड अंतर्गत बुढ़ाखुखरा स्थित खेल मैदान में आयोजित शहीद एतवा उरांव फुटबॉल टूर्नामेंट-2026 में मुकाबलों का रोमांच लगातार बढ़ता जा रहा है। शहीद एतवा उरांव स्मारक न्यास के तत्वावधान में आयोजित टूर्नामेंट के तीसरे दिन गुरुवार को चार मुकाबलों के साथ दूसरे चक्र का एक मैच खेला गया।

टूर्नामेंट का शुभारंभ बंझिला पंचायत समिति सदस्य जमील आलम और नसीम खान ने किया। दिन के पहले मुकाबले में सरना नव युवक संघ गुड़गुड़जाड़ी और नव युवक संघ कंजिया के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला। निर्धारित समय तक दोनों टीमें बराबरी पर रहीं, जिसके बाद मैच का फैसला टाईब्रेकर से हुआ। इसमें कंजिया ने 6-5 से जीत दर्ज कर अगले दौर में प्रवेश किया। दूसरे मुकाबले में यूनाइटेड एफसी बिजुरिया पंचायत और जेएच-01 अक्षय स्पोर्टिंग तिगरा की टीमें आमने-सामने थीं। निर्धारित समय में मुकाबला बराबरी पर रहने के बाद टाईब्रेकर का सहारा लिया गया, जिसमें तिगरा ने 4-3 से जीत दर्ज की। तीसरे मुकाबले में वसीम 11 ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अमित ब्रदर्स हेसमी को 2-0 से हराया और अगले दौर में अपनी जगह बनाई। वहीं चौथे मुकाबले में सुपर किंग लोयो ने युवा विकास क्लब बुढ़ाखुखरा को कड़े मुकाबले में 1-0 से शिकस्त देकर अगले चक्र में प्रवेश किया।

दूसरे चक्र के पहले मुकाबले में नव युवक संघ कंजिया और जेएच-01 स्पोर्टिंग के बीच रोमांचक भिड़ंत हुई। निर्धारित समय में मुकाबला निर्णायक नहीं होने के बाद टाईब्रेकर से फैसला हुआ। कंजिया ने 3-1 से जीत दर्ज कर क्वार्टर फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली। इससे पहले टूर्नामेंट में संत जेवियर कॉलेज मांडर, जय मसीह लोयो, एनएफसी पोखरटोली और एसके ब्रदर्स की टीमें भी क्वार्टर फाइनल में पहुंच चुकी हैं। टूर्नामेंट में लगातार हो रहे रोमांचक मुकाबलों से बुढ़ाखुखरा खेल मैदान में खेलप्रेमियों का उत्साह बना हुआ है। स्थानीय दर्शक बड़ी संख्या में पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन कर रहे हैं।

You may also like

Leave a Comment