रांची के ओरमांझी ब्लॉक चौक पर शुक्रवार को एक शराब दुकान में उस वक्त लोगों की भीड़ जमा हो गई, जब एक बंदरिया अचानक दुकान के भीतर पहुंच गई। बंदरिया को बाहर निकालने की कोशिश कर रहे दुकानदार रमाशंकर तिवारी पर उसने हमला कर दिया और उन्हें काट लिया।
इसके बाद जो हुआ, उसने वहां मौजूद लोगों को हैरान कर दिया। बंदरिया ने दुकान में रखी शराब की एक बोतल से शराब पी ली और कुछ समय बाद दुकान के अंदर ही फर्श पर लेटकर सो गई। बताया गया कि बंदरिया गर्भवती थी, जिससे घटना और भी चर्चा का विषय बन गई।

अनोखा नजारा देखने पहुंचने लगे लोग
बंदरिया के शराब पीने और दुकान के भीतर सो जाने की खबर आसपास के इलाके में तेजी से फैल गई। देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंचने लगे। दुकान के बाहर जुटी भीड़ के बीच बंदरिया को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं।
घटना की जानकारी मिलने के बाद बिरसा जैविक उद्यान की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। टीम ने सावधानी बरतते हुए बंदरिया को सुरक्षित तरीके से दुकान से बाहर निकाला, जिससे उसे या वहां मौजूद लोगों को किसी तरह का नुकसान नहीं हुआ।
रेस्क्यू के बाद मौके पर जमा लोगों की भीड़ हटने लगी। हालांकि, काफी देर तक इलाके में इसी घटना की चर्चा होती रही कि बंदरिया दुकान के अंदर कैसे पहुंची, शराब की बोतल तक कैसे पहुंची और शराब पीने के बाद वहीं क्यों सो गई।