Tuesday, October 6, 2026
Home » कैप्टन स्मित माछर की बहादुरी के मुरीद हुए CM हेमंत सोरेन, बोले- “देश को आप पर गर्व है”

कैप्टन स्मित माछर की बहादुरी के मुरीद हुए CM हेमंत सोरेन, बोले- “देश को आप पर गर्व है”

0 comments

दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की फ्लाइट FZ1073 में 30 सितंबर को करीब 34 हजार फीट की ऊंचाई पर कॉकपिट के अंदर गंभीर घटना हुई। रिपोर्टों के मुताबिक को-पायलट ने भारतीय कैप्टन स्मित माछर पर हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गए और विमान तेजी से नीचे आने लगा।

मुश्किल हालात के बीच कैप्टन माछर कॉकपिट का दरवाजा खोलने में सफल रहे। इसके बाद यात्रियों और क्रू ने मिलकर हमलावर को काबू किया। विमान को तत्काल सऊदी अरब के ताबुक स्थित प्रिंस सुल्तान बिन अब्दुलअजीज एयरपोर्ट की ओर मोड़ा गया, जहां उसकी आपात लैंडिंग कराई गई। विमान में करीब 174 से 180 लोग सवार बताए गए हैं और सभी सुरक्षित रहे।

घटना के बाद भारतीय दूतावास ने कैप्टन माछर की स्थिति संतोषजनक बताई। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भी सोशल मीडिया के जरिए उनके साहस और कर्तव्यनिष्ठा की सराहना की। उन्होंने कैप्टन के जल्द पूरी तरह स्वस्थ होने की कामना की।

9,750 घंटे से ज्यादा का उड़ान अनुभव

स्मित माछर जून 2022 में फ्लाईदुबई से जुड़े थे और बोइंग 737 बेड़े में कैप्टन हैं। इससे पहले वह करीब 11 साल स्पाइसजेट में रहे, जहां वरिष्ठ कमांडर और लाइन ट्रेनिंग कैप्टन के तौर पर जिम्मेदारी निभाई। उपलब्ध प्रोफाइल के अनुसार, बोइंग 737 पर उनका उड़ान अनुभव 9,750 घंटे से अधिक है।

घटना के पीछे की वजह और कॉकपिट में हुई पूरी झड़प की परिस्थितियों की जांच जारी है। जांच के निष्कर्ष से ही यह स्पष्ट होगा कि उड़ान के दौरान विवाद किस वजह से शुरू हुआ और घटनाक्रम किस तरह आगे बढ़ा।

You may also like

Leave a Comment