Tuesday, October 6, 2026
Home » जमशेदपुर में बाइक लेकर सड़कों पर उतरे SSP, शहरभर में पुलिस ने निकाला फ्लैग मार्च

जमशेदपुर में बाइक लेकर सड़कों पर उतरे SSP, शहरभर में पुलिस ने निकाला फ्लैग मार्च

by उर्वशी शेखर
0 comments

जमशेदपुर शहर में हालिया आपराधिक घटनाओं के मद्देनजर पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और अपराधियों पर अंकुश लगाने के लिए अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। इसी क्रम में रविवार की शाम एसएसपी डॉ. एहतेशाम वकारीब ने खुद बाइक की कमान संभाली और पुलिस अधिकारियों व जवानों के साथ शहर के प्रमुख इलाकों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने न केवल सुरक्षा इंतजामों का निरीक्षण किया, बल्कि बाजारों और चौक-चौराहों पर रुककर आम लोगों से बातचीत भी की। एसएसपी ने स्पष्ट किया कि आपराधिक गतिविधियों और सार्वजनिक स्थानों पर अड्डेबाजी करने वालों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई जारी रहेगी।

पुलिस का फ्लैग मार्च साकची स्थित सीसीआर परिसर से रवाना हुआ। हेलमेट लगाकर बाइक चला रहे एसएसपी के साथ डीएसपी ट्रैफिक, डीएसपी सीसीआर, टाइगर मोबाइल और पीसीआर के जवान भी मौजूद थे। पुलिस का काफिला पुराना कोर्ट मोड़ और मरीन ड्राइव गोलचक्कर से गुजरते हुए बिंदल मॉल के रास्ते कदमा स्थित रंकिणी मंदिर पहुंचा।

रंकिणी मंदिर के पास एसएसपी ने स्थानीय लोगों से मुलाकात की और क्षेत्र की कानून-व्यवस्था के संबंध में जानकारी हासिल की। इसके बाद पुलिस का काफिला सोनारी और जुबिली पार्क से होते हुए मानगो पहुंचा। मानगो गोलचक्कर, पारडीह चौक, डिमना चौक और डिमना रोड का भ्रमण करने के बाद पुलिस टीम भुइयांडीह बस स्टैंड पहुंची।

यहां से फ्लैग मार्च बर्निंग घाट, लिली चौक, एग्रिको, गोलमुरी और आरडी टाटा गोलचक्कर होते हुए बर्मामाइंस की ओर बढ़ा। इसके बाद स्टेशन, करनडीह, परसुडीह, जुगसलाई, गोपाल मैदान और बिष्टुपुर समेत अन्य इलाकों से गुजरते हुए पुलिस का काफिला वापस साकची सीसीआर पहुंचा, जहां फ्लैग मार्च का समापन हुआ।

बाजारों में रुके एसएसपी, दुकानदारों से पूछे सुरक्षा संबंधी सवाल

शहर के अलग-अलग हिस्सों का दौरा करने के दौरान एसएसपी ने कई स्थानों पर रुककर दुकानदारों और राहगीरों से सीधे संवाद किया। उन्होंने विशेष रूप से रात के समय पुलिस की मौजूदगी, नियमित गश्त और स्थानीय स्तर पर सामने आने वाली सुरक्षा संबंधी परेशानियों के बारे में जानकारी ली।

एसएसपी ने व्यापारियों और आम नागरिकों को आश्वस्त किया कि वे बिना किसी भय के अपना व्यवसाय और दैनिक गतिविधियां जारी रखें। उन्होंने लोगों से अपील की कि आसपास कोई संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि नजर आने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

उन्होंने कहा कि नागरिकों की सुरक्षा पुलिस की प्राथमिकता है। शहर में असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर निगरानी रखी जा रही है और अड्डेबाजी करने वालों के साथ आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

पुलिस के फ्लैग मार्च के दौरान सड़कों पर लगा लंबा जाम

एक ओर पुलिस शहर की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा ले रही थी, वहीं दूसरी ओर फ्लैग मार्च के कारण कुछ प्रमुख सड़कों पर यातायात प्रभावित हो गया। रविवार की छुट्टी होने के चलते साकची बाजार और जुबिली पार्क के आसपास पहले से ही लोगों और वाहनों की आवाजाही अधिक थी।

इसी बीच बड़ी संख्या में पुलिस वाहनों के गुजरने से साकची गोलचक्कर, जुबिली पार्क के मुख्य प्रवेश द्वार और मानगो की ओर जाने वाले मार्गों पर जाम की स्थिति बन गई। सड़कों पर वाहनों की लंबी कतार लगने से राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। यातायात को सुचारु बनाने के लिए मौके पर तैनात ट्रैफिक पुलिस के जवानों को काफी मशक्कत करनी पड़ी।

अपराध नियंत्रण के साथ जनता का भरोसा बढ़ाने पर जोर

शहर के विभिन्न थाना क्षेत्रों से होकर निकले इस फ्लैग मार्च के जरिए पुलिस ने अपनी मौजूदगी दर्ज कराई। एसएसपी का स्वयं बाइक चलाकर प्रमुख बाजारों, व्यस्त सड़कों और रिहायशी इलाकों में पहुंचना पुलिस की सक्रियता बढ़ाने की पहल का हिस्सा रहा।

इस अभियान के दौरान पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था की जमीनी स्थिति जानने के साथ नागरिकों से सीधे संपर्क स्थापित करने पर भी जोर दिया। हाल की आपराधिक घटनाओं के बीच पुलिस का उद्देश्य अपराधियों पर निगरानी बढ़ाना और आम लोगों में सुरक्षा के प्रति विश्वास कायम करना है।

You may also like

Leave a Comment