Tuesday, October 6, 2026
Home » जामताड़ा में पुलिस महकमे का बड़ा फेरबदल, साइबर अपराध से निपटने के लिए 7 अधिकारियों की तैनाती

जामताड़ा में पुलिस महकमे का बड़ा फेरबदल, साइबर अपराध से निपटने के लिए 7 अधिकारियों की तैनाती

जामताड़ा जिले में कानून-व्यवस्था को बेहतर करने और साइबर अपराध के मामलों की जांच में तेजी लाने के लिए पुलिस विभाग ने अधिकारियों के स्तर पर व्यापक बदलाव किया है।

by उर्वशी शेखर
0 comments

जामताड़ा जिले में कानून-व्यवस्था को बेहतर करने और साइबर अपराध के मामलों की जांच में तेजी लाने के लिए पुलिस विभाग ने अधिकारियों के स्तर पर व्यापक बदलाव किया है। पुलिस अधीक्षक कार्यालय की ओर से जारी आदेश के तहत कुल 16 पुलिस पदाधिकारियों का स्थानांतरण और नई जगहों पर पदस्थापन किया गया है।

इस फेरबदल में नौ अधिकारियों को जिले के अलग-अलग थानों में जिम्मेदारी दी गई है। वहीं, साइबर अपराध से जुड़े मामलों की जांच को अधिक प्रभावी बनाने के लिए छह पुलिस अवर निरीक्षकों (SI) और एक पुलिस निरीक्षक को साइबर अपराध थाना, जामताड़ा भेजा गया है। सभी अधिकारियों को नए स्थान पर तत्काल योगदान देने का निर्देश दिया गया है। कार्यभार संभालने के बाद उन्हें इसकी अनुपालन रिपोर्ट भी पुलिस कार्यालय में जमा करनी होगी।

इन अधिकारियों को अलग-अलग थानों में मिली जिम्मेदारी

पदस्थापन आदेश के मुताबिक पुलिस अवर निरीक्षक जाहिद अंसारी को पुलिस केंद्र से जामताड़ा थाना भेजा गया है। अमृत कुमार राम को साइबर अपराध थाना से नारायणपुर थाना, वैभव सिंह को साइबर अपराध थाना से करमाटांड़ थाना और प्रकाश सेठ को साइबर अपराध थाना से मिहिजाम थाना में पदस्थापित किया गया है।

इसके अलावा चंदन कुमार तिवारी को पुलिस केंद्र से फतेहपुर थाना, सहायक अवर निरीक्षक सुखनाथ भगत को पुलिस केंद्र से मिहिजाम थाना और सिद्धो सोरेन को पुलिस केंद्र से महिला थाना जामताड़ा भेजा गया है। वहीं मुन्ना कुमार सिंह, जो एसआईपीयू कार्यालय, सदर कोर्ट में कार्यरत थे, उन्हें नारायणपुर थाना की जिम्मेदारी दी गई है। छोटेलाल कुमार को भी पुलिस केंद्र से मिहिजाम थाना भेजा गया है।

साइबर थाना में सात अधिकारियों की नई टीम

जामताड़ा में साइबर अपराध के बढ़ते मामलों को देखते हुए साइबर थाना की जांच व्यवस्था को भी मजबूत किया गया है। इसके तहत छह पुलिस अवर निरीक्षकों को अलग-अलग स्थानों से स्थानांतरित कर साइबर अपराध थाना में पदस्थापित किया गया है।

इनमें अमित कुमार को जामताड़ा थाना, कृष्णा कुमार को यातायात थाना, पुष्पेश्वर दास को साइबर अपराध थाना, गुलशन कुमार सिंह को मिहिजाम थाना, अनिल अभिषेक को बागडेहरी थाना और विकास कुमार तिवारी को करमाटांड़ थाना से साइबर अपराध थाना भेजा गया है। इनके अलावा पुलिस निरीक्षक सुशील टुडू को पुलिस केंद्र से साइबर अपराध थाना में तैनात किया गया है।

लंबित साइबर मामलों की जांच में तेजी की उम्मीद

पुलिस विभाग के इस कदम से साइबर अपराध थाना में जांच अधिकारियों की संख्या बढ़ेगी। इससे आईटी एक्ट और साइबर अपराध से जुड़े लंबित मामलों की तफ्तीश को गति मिलने की संभावना है। जामताड़ा लंबे समय से साइबर अपराध के लिए चर्चित रहा है, ऐसे में जांच तंत्र को अतिरिक्त अधिकारियों से लैस करना पुलिस की रणनीति में अहम बदलाव माना जा रहा है।

You may also like

Leave a Comment