Tuesday, October 6, 2026
Home » रांची के ICAR हॉस्टल में महाराष्ट्र के PhD छात्र की संदिग्ध मौ*त, पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा राज

रांची के ICAR हॉस्टल में महाराष्ट्र के PhD छात्र की संदिग्ध मौ*त, पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा राज

0 comments

रांची के खरसीदाग ओपी क्षेत्र में स्थित इंडियन काउंसिल ऑफ एग्रीकल्चरल रिसर्च (ICAR) के हॉस्टल में महाराष्ट्र निवासी एक पीएचडी छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृत छात्र की पहचान प्रथमेश रायपुरे के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के मुताबिक, प्रथमेश हॉस्टल के अपने कमरे में अचानक बेसुध हो गया था। उसे गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। छात्र की मौत की खबर मिलते ही संस्थान परिसर में हलचल मच गई।

पिता को फोन के दौरान अचानक कट गया संपर्क

पुलिस के अनुसार, तबीयत बिगड़ने पर प्रथमेश ने अपने पिता को फोन किया था। बातचीत के बीच ही फोन अचानक कट गया। बेटे से संपर्क नहीं होने पर उसके पिता ने हॉस्टल के वार्डन से संपर्क कर प्रथमेश की स्थिति देखने का आग्रह किया।

वार्डन जब कमरे के पास पहुंचे तो दरवाजा भीतर से बंद मिला। काफी आवाज लगाने के बाद भी जब कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली, तो कमरे का दरवाजा तोड़ा गया। अंदर प्रथमेश बिस्तर पर अचेत अवस्था में मिला। इसके बाद उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मौत की वजह अभी स्पष्ट नहीं

घटना की जानकारी मिलने पर खरसीदाग ओपी की पुलिस मौके पर पहुंची। प्रारंभिक जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस फिलहाल मौत के कारणों का पता लगाने में जुटी है।

खरसीदाग ओपी प्रभारी मनीष ने बताया कि अभी छात्र की मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही स्थिति साफ हो सकेगी। परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है।

पुलिस के अनुसार, प्रथमेश पिछले करीब डेढ़ वर्ष से ICAR के हॉस्टल में रहकर पीएचडी की पढ़ाई कर रहा था। मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

You may also like

Leave a Comment