Wednesday, October 7, 2026
Home » जिला बदर के बाद चोरी-छिपे जमशेदपुर पहुंचा कुख्यात अपराधी, साकची पुलिस ने दबोचा

जिला बदर के बाद चोरी-छिपे जमशेदपुर पहुंचा कुख्यात अपराधी, साकची पुलिस ने दबोचा

0 comments

जमशेदपुर में जिला निष्कासन के आदेश की अनदेखी कर लौटे सोनारी के एक कुख्यात अपराधी को साकची पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस के हत्थे चढ़े आरोपी की पहचान निर्मल नगर, सोनारी निवासी राजकुमार सिंह उर्फ दाना के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, वह शहर में रहकर गंभीर आपराधिक वारदात को अंजाम देने की तैयारी में था।

पुलिस को शुक्रवार को सूचना मिली थी कि राजकुमार सिंह काशीडीह स्थित दुर्गा मंदिर के आसपास देखा गया है। सूचना की पुष्टि के बाद साकची थाना पुलिस ने इलाके में निगरानी बढ़ाई। इसके बाद काशीडीह से सीतारामडेरा की तरफ जाने वाली सड़क पर पुल के समीप घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया गया।

CCA के तहत जिला छोड़ने का मिला था आदेश

पुलिस के अनुसार, राजकुमार सिंह के खिलाफ सोनारी थाना में सीसीए केस संख्या 89/24-25 दर्ज है। उसके खिलाफ झारखंड अपराध नियंत्रण अधिनियम, 2002 की धारा 3(3)(ए) के तहत जिला निष्कासन की कार्रवाई की गई थी। इसके बावजूद वह प्रशासनिक आदेश का उल्लंघन करते हुए बिना अनुमति जमशेदपुर में दाखिल हो गया।

वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर साकची थाना प्रभारी गोपाल कृष्ण यादव के नेतृत्व में टीम गठित की गई थी। टीम ने काशीडीह इलाके में कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में कबूली जिला बदर होने की बात

पुलिस की पूछताछ में राजकुमार सिंह ने स्वीकार किया कि उसे जिला बदर किया गया था, इसके बावजूद वह गुप्त रूप से जमशेदपुर आया था। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया।

पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, राजकुमार सिंह के खिलाफ शहर के अलग-अलग थानों में हत्या, जानलेवा हमला और आर्म्स एक्ट समेत कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। इन मामलों में उसके खिलाफ आरोप-पत्र भी दाखिल किया जा चुका है।

कार्रवाई करने वाली टीम में पुलिस अवर निरीक्षक अभिनव कुमार और अविनाश उरांव के अलावा सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

You may also like

Leave a Comment