स्वर्णरेखा नदी में डूबी 13 वर्षीय पूनम कुमारी का शव रविवार सुबह बरामद कर लिया गया। घटना गांधी घाट के पास शनिवार शाम हुई थी। स्थानीय गोताखोरों ने काफी मशक्कत के बाद घटनास्थल के आसपास नदी में तलाश अभियान चलाकर शव को पानी से बाहर निकाला।
जानकारी के अनुसार, शनिवार शाम पूनम अपनी बहन के साथ स्वर्णरेखा नदी में स्नान करने पहुंची थी। इसी दौरान नदी के तेज बहाव में दोनों बहनें फंस गईं और पानी के साथ बहने लगीं। घाट पर मौजूद लोगों ने तत्काल बचाव की कोशिश की और एक बच्ची को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन पूनम का कोई पता नहीं चल सका।
किशोरी के लापता होने के बाद परिवार के लोग और स्थानीय ग्रामीण रातभर नदी घाट के आसपास उसकी तलाश में जुटे रहे। सुबह स्थानीय गोताखोरों ने दोबारा तलाशी शुरू की। कुछ देर बाद घटनास्थल के समीप ही पूनम का शव पानी में मिला, जिसके बाद उसे बाहर निकाला गया।
शव बरामद होने की खबर मिलते ही घाट पर लोगों की भीड़ जुट गई। बेटी का शव सामने आते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। घटना की जानकारी पुलिस को दे दी गई है और मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।