Tuesday, October 6, 2026
Home » NH-80 पर पुलिस वाहन को ट्रक ने मारी टक्कर, SI समेत 5 घायल; चालक की हालत गंभीर

NH-80 पर पुलिस वाहन को ट्रक ने मारी टक्कर, SI समेत 5 घायल; चालक की हालत गंभीर

0 comments

लखीसराय के बड़हिया थाना क्षेत्र में शनिवार तड़के पुलिस टीम हादसे का शिकार हो गई। एक मामले में छापेमारी के लिए जा रही पुलिस की गश्ती गाड़ी को NH-80 पर टाल प्लाजा के समीप एक तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। दुर्घटना में सब-इंस्पेक्टर समेत पांच पुलिसकर्मी घायल हो गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पुलिस वाहन को काफी नुकसान पहुंचा।

बताया जा रहा है कि बड़हिया थाना की टीम शनिवार सुबह एक मामले में कार्रवाई के लिए निकली थी। इसी दौरान टाल प्लाजा के पास लखीसराय की दिशा से आ रहे ट्रक ने पुलिस की गाड़ी को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर के बाद मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।

दुर्घटना में एसआई एएसके श्रीवास्तव, हवलदार राजेश पासवान, महिला पुलिसकर्मी सीता कुमारी और एकता कुमारी के अलावा पुलिस वाहन चालक घायल हुए हैं। वाहन चालक को हादसे में गंभीर चोटें आई हैं। सभी घायलों को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

घायलों को पहले बड़हिया रेफरल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया। इसके बाद आवश्यक जांच और बेहतर इलाज के लिए उन्हें लखीसराय सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। वाहन चालक की स्थिति को लेकर शुरुआती जानकारी में गंभीर चोट की बात सामने आई है।

उधर, हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से वाहन लेकर फरार हो गया। पुलिस ने दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है और फरार ट्रक व उसके चालक का पता लगाने के लिए जानकारी जुटाई जा रही है। प्रारंभिक तौर पर दुर्घटना की वजह ट्रक की तेज रफ्तार बताई जा रही है।

You may also like

Leave a Comment