झारखंड में मानसून की विदाई के बीच मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। मंगलवार को रांची में तेज हवाओं के साथ बारिश हुई और कई इलाकों में ओले भी गिरे। मौसम विभाग के मुताबिक, राज्य से दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी की प्रक्रिया आगे बढ़ रही है। मानसून वापसी की रेखा फिलहाल रांची, सुपौल, रायपुर और ब्रह्मपुरी के आसपास से गुजर रही है।
मौसम में आए इस बदलाव के पीछे उत्तर प्रदेश और आसपास सक्रिय चक्रवाती परिसंचरण तथा ट्रफ का प्रभाव बताया जा रहा है। इसके चलते झारखंड के कई हिस्सों में बादल छाए हुए हैं और कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो रही है। अगले कुछ दिनों में तापमान में गिरावट के साथ तेज हवाएं और कुछ स्थानों पर वज्रपात की स्थिति बन सकती है।
सिमडेगा में सबसे ज्यादा बारिश, जगन्नाथपुर सबसे गर्म
मौसम विभाग के पिछले 24 घंटे के आंकड़ों के अनुसार, राज्य के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हुई। सिमडेगा के बांसजोर में 55.2 मिमी बारिश दर्ज की गई, जो राज्य में सबसे अधिक रही।
तापमान की बात करें तो जगन्नाथपुर में अधिकतम तापमान 37.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं, लातेहार 17.9 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान के साथ सबसे ठंडा रहा।
अगले 24 घंटे में अधिकतम तापमान में खास बदलाव की संभावना नहीं है। हालांकि, इसके बाद तीन दिनों के दौरान तापमान में करीब 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की कमी आ सकती है। न्यूनतम तापमान अगले पांच दिनों तक लगभग स्थिर रहने का अनुमान है।

8 अक्टूबर तक बारिश और तेज हवा का दौर
6 से 8 अक्टूबर के बीच झारखंड के अधिकांश हिस्सों में बादल छाए रह सकते हैं। कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश या गरज के साथ छींटे पड़ने की संभावना है। कुछ इलाकों में बिजली गिरने के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।
9 और 10 अक्टूबर को मौसम में आंशिक सुधार दिख सकता है, हालांकि बादल बने रहेंगे। उत्तर-पूर्वी, मध्य और दक्षिणी झारखंड के कुछ हिस्सों में बारिश हो सकती है, जबकि उत्तर-पश्चिमी इलाकों में भी कहीं-कहीं हल्की से मध्यम वर्षा का अनुमान है।
11 अक्टूबर को उत्तर-पूर्वी और दक्षिण-पूर्वी हिस्सों में छिटपुट बारिश संभव है। इसके बाद 12 अक्टूबर से मौसम के पूरी तरह शुष्क होने की संभावना जताई गई है।
रांची में 9 अक्टूबर तक बारिश की संभावना
राजधानी रांची में 6 से 9 अक्टूबर के बीच बादल छाए रहने के साथ एक-दो दौर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान अधिकतम तापमान 28 से 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 20 से 21 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।
10 और 11 अक्टूबर को बादलों के बीच गरज वाले सिस्टम बन सकते हैं। इन दिनों अधिकतम तापमान करीब 29 डिग्री, जबकि न्यूनतम तापमान 19 से 20 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।मौसम विभाग के अनुसार, 12 अक्टूबर से रांची समेत राज्य में आसमान साफ होने लगेगा और बारिश का दौर थमने के साथ मौसम शुष्क होने की संभावना है।