Tuesday, October 6, 2026
Home » दारोगा के घर दिनदहाड़े चोरी! बेटी को चाकू के बल पर बंधक बनाकर कैश और जेवर ले उड़ा बदमाश

दारोगा के घर दिनदहाड़े चोरी! बेटी को चाकू के बल पर बंधक बनाकर कैश और जेवर ले उड़ा बदमाश

by उर्वशी शेखर
0 comments

रांची के सदर थाना क्षेत्र में एक पुलिस अधिकारी के घर हुई कथित लूट की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। बैंक कॉलोनी के टंगराटोली इलाके में गोड्डा में तैनात दारोगा धनंजय साही के आवास को बदमाश ने निशाना बनाया। आरोप है कि घर में अकेली मौजूद उनकी बेटी को चाकू दिखाकर बंधक बनाया गया और इसके बाद अलमारी से करीब 30 लाख रुपये नकद तथा लगभग 250 ग्राम सोने के आभूषण लेकर आरोपी फरार हो गया।

घटना को लेकर दारोगा की पत्नी संजू देवी ने सदर थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उनके अनुसार, 13 सितंबर की शाम वह तीज पर्व की खरीदारी के लिए बाजार गई थीं। इस दौरान उनका बेटा ट्यूशन के लिए बाहर था, जबकि बेटी घर पर अकेली थी। इसी दौरान एक व्यक्ति कथित तौर पर घर में दाखिल हुआ और चाकू के बल पर बेटी को अपने कब्जे में ले लिया।

हाथ-पैर बांधकर अलमारी से निकाली रकम

शिकायत के मुताबिक, आरोपी ने पहले दारोगा की बेटी को डराया-धमकाया और उसके हाथ-पैर बांध दिए। इसके बाद उसने घर की अलमारी खंगाली और उसमें रखी बड़ी रकम तथा सोने के गहने लेकर निकल गया।

परिवार के मुताबिक, घर में रखी करीब 30 लाख रुपये की राशि चार भाइयों ने मिलकर जमा की थी। इस रकम का इस्तेमाल जमीन खरीदने के लिए किया जाना था। हालांकि, जमीन CNT एक्ट के दायरे में आने के कारण सौदा नहीं हो सका और पैसा घर में ही रखा हुआ था।

फिंगरप्रिंट जांच में सामने आई चुनौती

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस अधिकारियों की टीम मौके पर पहुंची और घर के भीतर जांच-पड़ताल शुरू की। पुलिस आसपास के इलाके में भी संभावित सुराग तलाश रही है।

जांच के दौरान अलमारी से जुड़े फिंगरप्रिंट को लेकर पुलिस के सामने एक मुश्किल भी आई है। परिवार के सदस्यों द्वारा पहले से अलमारी इस्तेमाल किए जाने के कारण वहां उनके हाथों के निशान मौजूद हैं। ऐसे में संदिग्ध व्यक्ति के फिंगरप्रिंट को अलग से पहचानना चुनौतीपूर्ण बताया जा रहा है।

फिलहाल पुलिस घटनास्थल से मिले संभावित साक्ष्यों और अन्य सुरागों के आधार पर आरोपी की पहचान करने में जुटी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच समेत कई बिंदुओं पर पड़ताल की जा रही है। वारदात में शामिल व्यक्ति की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने जांच तेज कर दी है।

You may also like

Leave a Comment