वियतनाम में सड़क दुर्घटना में जान गंवाने वाले रांची के कैलास नगर निवासी राजा कुमार वर्मा के आश्रितों को राज्य सरकार ने पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की है। ‘मुख्यमंत्री झारखंड अंतरराष्ट्रीय प्रवासी श्रमिक अनुदान योजना’ के तहत दी गई यह राशि श्रम मंत्री एवं राज्यसभा सांसद ने दिवंगत के परिजनों को सौंपी।
राजा कुमार वर्मा वियतनाम में योग प्रशिक्षक के तौर पर कार्यरत थे। वहां सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल होने के बाद अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।
घटना की सूचना मिलने के बाद परिजनों ने उनका पार्थिव शरीर भारत लाने के लिए राज्य सरकार से सहयोग मांगा था।मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने तत्काल आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद राज्य प्रवासी नियंत्रण कक्ष ने विदेश मंत्रालय और हनोई स्थित भारतीय दूतावास के साथ समन्वय स्थापित कर शव को स्वदेश लाने की प्रक्रिया पूरी कराई।

आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होने के बाद राजा कुमार का पार्थिव शरीर हनोई से विमान के जरिए कोलकाता लाया गया। इसके बाद रांची जिला प्रशासन ने कोलकाता एयरपोर्ट से रांची स्थित उनके पैतृक आवास तक शव पहुंचाने के लिए नि:शुल्क एंबुलेंस उपलब्ध कराई। पांच अक्टूबर को पार्थिव शरीर रांची लाया गया।
सरकार की ओर से आर्थिक सहायता मिलने के साथ ही विदेश में काम करने वाले झारखंड के श्रमिकों के संकट की स्थिति में राज्य की ओर से मदद पहुंचाने की प्रतिबद्धता भी सामने आई है।