उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन 10 अक्टूबर को देवघर के एक दिवसीय दौरे पर आएंगे। उपराष्ट्रपति बनने के बाद यह उनका बाबा बैद्यनाथ की नगरी का पहला दौरा होगा। वह देवघर AIIMS के द्वितीय दीक्षांत समारोह के अलावा दर्दमारा में आयोजित सेवा संपर्क मेले के समापन कार्यक्रम में शामिल होंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, राधाकृष्णन सुबह करीब 8 बजे विशेष विमान से देवघर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। यहां से वह AIIMS जाएंगे और दीक्षांत समारोह में हिस्सा लेंगे।

इसके बाद दर्दमारा स्थित बाबा बैद्यनाथ मेडिकल ट्रस्ट के दो दिवसीय सेवा संपर्क मेले के समापन समारोह में पहुंचेंगे। मेले में सैनिकों से जुड़ी सेवा-संपर्क गतिविधियों के साथ सैन्य शक्ति पर आधारित प्रदर्शनी भी लगाई गई है।
राधाकृष्णन झारखंड के राज्यपाल की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं। उनके दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है।
एयरपोर्ट से कार्यक्रम स्थलों तक सुरक्षा और यातायात प्रबंधन के लिए रूट की समीक्षा की गई है। निर्धारित मार्ग पर मॉक ड्रिल के जरिए तैयारियों को भी परखा गया। प्रशासन का फोकस पूरे दौरे को सुरक्षित और सुचारु ढंग से संपन्न कराने पर है।