Thursday, October 8, 2026
Home » ब्रिटेन में नौकरी के नाम पर ठगी का आरोप, हैदराबाद एयरपोर्ट पर यूट्यूबर रमना नंदना गिरफ्तार

ब्रिटेन में नौकरी के नाम पर ठगी का आरोप, हैदराबाद एयरपोर्ट पर यूट्यूबर रमना नंदना गिरफ्तार

by उर्वशी शेखर
0 comments

लोकप्रिय तेलुगु यूट्यूबर रमना नंदना को सोमवार दोपहर हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर पुलिस ने हिरासत में ले लिया। उनके खिलाफ आंध्र प्रदेश में ब्रिटेन में नौकरी और वीजा संबंधी मदद के नाम पर कथित धोखाधड़ी का मामला दर्ज है। पुलिस के मुताबिक, मामले में जारी लुक आउट सर्कुलर के आधार पर एयरपोर्ट पर उनकी पहचान की गई।

रमना नंदना को आगे की कार्रवाई के लिए आंध्र प्रदेश के एनटीआर जिले की इब्राहिमपट्टनम पुलिस को सौंपे जाने की प्रक्रिया चल रही है। वह सोशल मीडिया पर ‘नंदूज वर्ल्ड’ नाम के यूट्यूब चैनल के लिए जानी जाती हैं।

15 लाख रुपये लेने का आरोप

मामला इब्राहिमपट्टनम थाने में दर्ज शिकायत से जुड़ा है। पुलिस ने रमना नंदना, उनके पति जगरलामुडी मधुकर और मधुकर के पिता मोहन राव को आरोपी बनाया है।

शिकायतकर्ता और ब्रिटेन में रहने वाले ममिलपल्ली शिवक्रांति कुमार का आरोप है कि ब्रिटेन का वीजा बढ़वाने, नौकरी दिलाने और जरूरी प्रमाण पत्र उपलब्ध कराने के नाम पर उनसे अलग-अलग किस्तों में करीब 15 लाख रुपये लिए गए।

शिकायत के अनुसार, यह रकम ‘डेस्टिनी कंसल्टेंसी’ से जुड़े बैंक खाते में ट्रांसफर की गई थी। आरोप है कि भुगतान के बाद न तो वीजा से संबंधित मदद मिली और न ही नौकरी दिलाने का वादा पूरा हुआ। शिकायतकर्ता को दिए गए एक दस्तावेज के कथित तौर पर फर्जी पाए जाने के बाद उन्होंने रकम वापस मांगनी शुरू की।

15 लाख में सिर्फ 2 लाख लौटाने का दावा

शिकायतकर्ता के मुताबिक, कई बार पैसे वापस मांगने के बावजूद उन्हें केवल 2 लाख रुपये लौटाए गए। शेष रकम नहीं मिलने के बाद उन्होंने पुलिस का रुख किया। इसके आधार पर पुलिस ने तीनों के खिलाफ धोखाधड़ी से संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की।

जांच आगे बढ़ने पर पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ लुक आउट सर्कुलर जारी किया था। इसी नोटिस के आधार पर रमना नंदना को सोमवार को हैदराबाद एयरपोर्ट पर रोका गया।

यूट्यूबर ने आरोपों से किया इनकार

हालांकि, रमना नंदना ने अपने ऊपर लगे आरोपों को खारिज किया है। एक सार्वजनिक वीडियो के जरिए उन्होंने दावा किया कि वह और उनके पति डेस्टिनी कंसल्टेंसी के मालिक या संचालक नहीं हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि उनके नाम और पहचान का कथित तौर पर गलत इस्तेमाल किया गया है। रमना ने पूरे विवाद को निजी रंजिश से प्रेरित बदनाम करने की कोशिश बताया है।

मामले को लेकर रमना नंदना और उनके पति ने हाईकोर्ट का भी दरवाजा खटखटाया है। दोनों की ओर से प्राथमिकी रद्द करने की मांग करते हुए याचिका दाखिल की गई है। फिलहाल पुलिस जांच और अदालत की कार्यवाही के बाद ही मामले में आरोपों की वास्तविकता और आगे की कानूनी स्थिति स्पष्ट होगी।

हैदराबाद से विश्वनाथ देहाती की रिपोर्ट

You may also like

Leave a Comment