झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने गुवा गोलीकांड के शहीदों और झारखंड आंदोलन से जुड़े तमाम ज्ञात-अज्ञात नायकों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि झारखंड की पहचान उन संघर्षों से बनी है, जिनमें जल, जंगल, जमीन और अधिकारों की रक्षा के लिए लोगों ने अपना सर्वस्व न्योछावर किया।
सोशल मीडिया पर जारी संदेश में मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य की अस्मिता और संसाधनों की रक्षा के लिए कई वीर पुरुषों और महिलाओं ने बलिदान दिया। उनके संघर्ष ने झारखंड के सामाजिक और राजनीतिक आंदोलन को दिशा दी। आज वे हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनके विचार और बेहतर झारखंड का सपना अब भी प्रासंगिक है।

शहीदों के सपनों को साकार करने का संकल्प
हेमंत सोरेन ने कहा कि गुवा गोलीकांड जैसे ऐतिहासिक संघर्षों और उनमें हुए बलिदानों ने झारखंड की मौजूदा पहचान को आकार देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। इन शहादतों को याद करना केवल श्रद्धांजलि तक सीमित नहीं, बल्कि उनके आदर्शों को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी भी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार शहीदों की आकांक्षाओं के अनुरूप आत्मनिर्भर और समृद्ध झारखंड बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने गुवा गोलीकांड के शहीदों सहित राज्य के सभी वीर सपूतों को नमन करते हुए उनके बताए मार्ग पर आगे बढ़ने का संकल्प दोहराया।