धनबाद के बरवाअड्डा थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए नकली अंग्रेजी शराब तैयार करने वाले कथित नेटवर्क का खुलासा किया है। शुक्रवार देर रात मिली गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने साधोबाद गांव के पास ताराटांड़ जंगल में छापेमारी की।
तलाशी के दौरान पुलिस को मौके से बड़ी मात्रा में कच्चा स्प्रिट, विभिन्न नामी शराब ब्रांडों के रैपर, खाली बोतलें और ढक्कन मिले। इसके अलावा कई पेटियों में ऐसी शराब भी बरामद की गई, जिसे बिक्री के लिए पैक कर तैयार रखा गया था।
पुलिस के अनुसार, जंगल का सुनसान और घना इलाका लंबे समय से अवैध गतिविधियों के लिए इस्तेमाल किए जाने की आशंका है। प्रारंभिक जांच में यह संभावना जताई जा रही है कि यहां नकली शराब तैयार करने के बाद उसे आसपास के अलग-अलग इलाकों में भेजा जाता था।
छापेमारी के दौरान पुलिस की मौजूदगी का पता चलते ही वहां मौजूद कथित कारोबारी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले। पुलिस ने मौके से मिले सभी सामान को जब्त कर लिया है और फरार आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है।
अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस अवैध कारोबार के पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं और तैयार नकली शराब किन इलाकों में पहुंचाई जाती थी। संभावित ठिकानों पर छापेमारी के साथ पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने की कोशिश की जा रही है।