Home » धनबाद जेल में देर रात छापेमारी, मेडिकल वार्ड में क्षमता से अधिक मरीज मिलने पर उठे सवाल

धनबाद जेल में देर रात छापेमारी, मेडिकल वार्ड में क्षमता से अधिक मरीज मिलने पर उठे सवाल

by उर्वशी शेखर
0 comments

धनबाद मंडल कारा में सोमवार देर रात जिला प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने करीब तीन घंटे तक तलाशी अभियान चलाया। डीसी आदित्य रंजन और एसएसपी प्रभात कुमार के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई में करीब 150 अधिकारी और जवान शामिल रहे। तलाशी के दौरान जेल से कोई बड़ा हथियार या गंभीर आपत्तिजनक सामग्री बरामद नहीं हुई। हालांकि, कैदियों के पास से खैनी, चूना और ब्लेड जैसी चीजें मिलीं।

मेडिकल वार्ड में 40 मरीज भर्ती

Advertisement 1
Advertisement 2
Advertisement 3
Advertisement 4
Advertisement 5
Advertisement 5
Advertisement 5

तलाशी के दौरान कैदी वार्ड से बड़ी मात्रा में खजूर और अन्य फल भी बरामद हुए। अधिकारियों के अनुसार, वार्ड में इतनी अधिक मात्रा में फल रखना जेल के नियमों के अनुरूप नहीं है। जांच के दौरान मेडिकल वार्ड में करीब 40 मरीज भर्ती मिले। इसके बाद प्रशासन ने वार्ड की व्यवस्था और उसकी क्षमता को लेकर चिंता जताई।

डीसी आदित्य रंजन ने कहा कि मेडिकल वार्ड में भर्ती कैदियों की स्थिति की समीक्षा की जाएगी। इसके लिए जल्द ही विशेष मेडिकल टीम भेजकर मरीजों की स्वास्थ्य जांच कराई जाएगी, ताकि जरूरतमंद बंदियों को उचित उपचार मिल सके।

रजिस्टर और सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले

अभियान के दौरान अधिकारियों ने जेल में प्रवेश और निकास से जुड़े रजिस्टरों की जांच की। इसके अलावा, परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग भी देखी गई। कार्रवाई में जिले के करीब एक दर्जन थानों की पुलिस के साथ कई डीएसपी और अंचल अधिकारी शामिल रहे।

एसएसपी प्रभात कुमार ने छापेमारी को नियमित जांच प्रक्रिया का हिस्सा बताया। उन्होंने कहा कि इसका उद्देश्य यह पता लगाना था कि कहीं किसी वार्ड में निर्धारित क्षमता से अधिक कैदी तो नहीं रखे गए हैं और क्या एक ही गिरोह या गुट से जुड़े बंदियों को एक साथ रखा गया है।

You may also like

Leave a Comment