Thursday, October 8, 2026
Home » गोड्डा में ब्राउन शुगर के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 20.39 ग्राम नशीला पदार्थ और 3.54 लाख नकद के साथ तीन गिरफ्तार

गोड्डा में ब्राउन शुगर के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 20.39 ग्राम नशीला पदार्थ और 3.54 लाख नकद के साथ तीन गिरफ्तार

by उर्वशी शेखर
0 comments

गोड्डा पुलिस ने मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी कर करीब 20.39 ग्राम ब्राउन शुगर, 3,54,138 रुपये नकद और नशीले पदार्थ की पैकिंग व बिक्री में इस्तेमाल होने वाली सामग्री बरामद की है।

पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर SDPO आकाश भारद्वाज के नेतृत्व में गठित Dedicated Anti-Narcotics Team की सूचना-संग्रह और निगरानी के आधार पर की गई। गुप्त सूचना मिलने के बाद 2 सितंबर 2026 को गोड्डा नगर और हंसडीहा थाना क्षेत्रों में कई स्थानों पर एक साथ छापेमारी की गई।

तीन ठिकानों से नशीला पदार्थ और नकदी बरामद

पहली कार्रवाई गोड्डा नगर थाना क्षेत्र के सरकंडा चौक स्थित छोटु अंसारी उर्फ जुबैर अंसारी के घर पर हुई। यहां से 5.38 ग्राम ब्राउन शुगर और 2,000 रुपये बरामद किए गए।

इसके बाद हंसडीहा थाना क्षेत्र के बारीडीह गंगवारा गांव में प्रीतम कुमार आर्य उर्फ प्रीतम सोलर के ठिकाने की तलाशी ली गई। पुलिस को यहां से 10.31 ग्राम ब्राउन शुगर और 59,500 रुपये मिले।

तीसरी कार्रवाई पगवारा गांव में चन्दन कुमार उर्फ चन्दन डॉन के घर पर हुई। तलाशी के दौरान 4.70 ग्राम ब्राउन शुगर और 2,92,638 रुपये नकद के अलावा नशीले पदार्थ की पैकिंग और बिक्री में इस्तेमाल होने वाली सामग्री भी बरामद की गई।

इलेक्ट्रॉनिक तराजू समेत पैकिंग का सामान जब्त

पुलिस ने कुल बरामदगी में करीब 20.39 ग्राम ब्राउन शुगर, एल्युमिनियम फॉयल में तैयार पुड़िया, चार इलेक्ट्रॉनिक माप-तौल मशीन, लाइटर और पैकिंग से जुड़ी अन्य सामग्री जब्त की है। पुलिस के मुताबिक, बरामद सामान से नशीले पदार्थ को छोटे पैकेटों में तैयार कर बिक्री किए जाने की आशंका सामने आई है। छापेमारी के बाद तीनों आरोपियों को हिरासत में लेकर न्यायिक अभिरक्षा में भेजने की कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान छोटु अंसारी उर्फ जुबैर अंसारी (25), निवासी सरकंडा, गोड्डा नगर; प्रीतम कुमार आर्य उर्फ प्रीतम सोलर (32), मूल निवासी धमनी बाजार, सुंदरपहाड़ी और वर्तमान निवासी बारीडीह गंगवारा, हंसडीहा; तथा चन्दन कुमार उर्फ चन्दन डॉन (38), निवासी पगवारा, हंसडीहा के रूप में हुई है।

नशे के कारोबार पर सख्ती का दावा

गोड्डा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस का कहना है कि युवाओं को नशे की गिरफ्त में धकेलने वाले तस्करों और उनके नेटवर्क पर कार्रवाई के लिए सूचना तंत्र को मजबूत किया जा रहा है।

पुलिस ने आम लोगों से भी अपील की है कि यदि उन्हें मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री या तस्करी से जुड़ी कोई जानकारी मिलती है तो नजदीकी थाना या गोड्डा पुलिस को इसकी सूचना दें। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

You may also like

Leave a Comment