फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज (FJCCI) की 62वीं वार्षिक आम बैठक शनिवार को चैंबर भवन में हुई। करीब साढ़े 11 बजे शुरू हुई बैठक में वित्तीय वर्ष 2025-26 की वार्षिक रिपोर्ट रखी गई और पूरे साल संगठन की ओर से किए गए कार्यों तथा उपलब्धियों का आकलन किया गया। बैठक में व्यापारिक हितों के साथ उद्योग, कौशल विकास और अक्षय ऊर्जा से जुड़े विषय प्रमुखता से उठे।
बैठक के दौरान सदस्यों ने सौर ऊर्जा को भविष्य की महत्वपूर्ण जरूरत बताते हुए इसके इस्तेमाल को व्यापक स्तर पर बढ़ाने की आवश्यकता जताई। उनका कहना था कि बिजली पर पारंपरिक निर्भरता घटाने के लिए सोलर सिस्टम को प्रोत्साहित करना जरूरी है। सौर ऊर्जा के लिए केवल छत तक सीमित रहने की जरूरत नहीं है, जरूरत के मुताबिक जमीन पर भी संयंत्र लगाया जा सकता है। वहीं, उद्योग और व्यापार से जुड़े मुद्दों पर इस वित्तीय वर्ष में चैंबर की ओर से 217 बैठकें आयोजित किए जाने की जानकारी दी गई।
व्यापारियों की सुरक्षा और कारोबारी माहौल को बेहतर बनाने के लिए पुलिस एवं प्रशासन के साथ लगातार संवाद बनाए रखने को भी संगठन ने अपनी प्रमुख उपलब्धियों में शामिल किया। चैंबर के मुताबिक डीजीपी और विभिन्न जिलों के प्रशासनिक अधिकारियों के साथ समन्वय के जरिए व्यापारियों की सुरक्षा और सुविधाओं से जुड़े मामलों को उठाया गया। निवेश और व्यापार के लिए झारखंड को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जोड़ने की दिशा में भी प्रयास किए गए। इसके तहत 100 से अधिक देशों के दूतावासों से संपर्क स्थापित किया गया है।
युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के बजाय उन्हें रोजगार सृजित करने में सक्षम बनाने पर भी बैठक में जोर दिया गया। FJCCI ने बताया कि BIT, Amity University समेत विभिन्न कौशल विकास संस्थानों और देश की बड़ी कंपनियों के साथ सहयोग के लिए समझौते किए गए हैं। संगठन का लक्ष्य युवाओं को आवश्यक प्रशिक्षण और कौशल देकर उन्हें नौकरी तलाशने के बजाय रोजगार उपलब्ध कराने की क्षमता से लैस करना है।

कृषि क्षेत्र से जुड़े व्यापारिक ढांचे को मजबूत करने के लिए कृषि मंडियों के बुनियादी ढांचे पर भी चर्चा हुई। चैंबर पदाधिकारियों ने बताया कि इस मुद्दे को लेकर संबंधित मंत्रियों के साथ बैठकें की गई हैं और आगे भी इस दिशा में काम जारी रहेगा। संगठन ने चैंबर की गतिविधियों में सहयोग के लिए मुख्यमंत्री, लोकसभा और राज्यसभा के सदस्यों तथा मीडिया के प्रति आभार जताया।
इधर, FJCCI की नई कार्यकारिणी समिति के सदस्यों के चुनाव के लिए रविवार को मतदान होगा। मतदान हरमू रोड स्थित मारवाड़ी भवन में सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक कराया जाएगा। चैंबर प्रबंधन ने सभी सदस्यों से चुनाव प्रक्रिया में भाग लेने और अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने की अपील की है।