मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन रविवार को गिरिडीह के हरसिंहरायडीह स्थित दिवंगत मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के आवास पहुंचे। यहां उन्होंने उनके पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। मुख्यमंत्री ने शोकाकुल परिवार के सदस्यों से मुलाकात की और उनके प्रति अपनी गहरी संवेदना प्रकट की।
इस दौरान हेमंत सोरेन ने सुदिव्य सोनू के आकस्मिक निधन को बेहद दुखद बताते हुए कहा कि उनके जाने से झारखंड ने एक सक्रिय जनप्रतिनिधि, जिम्मेदार मंत्री और युवा नेतृत्वकर्ता खो दिया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सुदिव्य सोनू ने सार्वजनिक जीवन में जो भूमिका निभाई और राज्य के लिए जो योगदान दिया, उसे लंबे समय तक याद किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने दिवंगत नेता की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। उन्होंने शोक में डूबे परिवार को इस कठिन घड़ी में धैर्य और मानसिक शक्ति मिलने की भी कामना की।
मुख्यमंत्री के साथ विधायक कल्पना सोरेन भी दिवंगत मंत्री के आवास पहुंचीं। उन्होंने भी सुदिव्य कुमार सोनू के पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।