कोडरमा समाहरणालय सभागार में उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता की अध्यक्षता में जिला स्तरीय खनन टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में अवैध खनन, खनिजों के परिवहन और भंडारण पर नियंत्रण के साथ-साथ राजस्व संग्रह को बेहतर बनाने को लेकर अधिकारियों को कई निर्देश दिए गए।
बैठक की शुरुआत पिछली बैठकों में जारी निर्देशों पर हुई कार्रवाई की समीक्षा से हुई। इसके बाद जिला खनन पदाधिकारी ने बालू और पत्थर के अवैध भंडारण व परिवहन के खिलाफ अब तक की गई कार्रवाई की जानकारी उपायुक्त के समक्ष रखी।
उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि बिना अनुमति बालू उठाव, अवैध भंडारण और परिवहन के मामलों में किसी तरह की ढिलाई न बरती जाए। अवैध खनन में संलिप्त लोगों के साथ-साथ खनिजों के गैरकानूनी परिवहन और स्टॉक करने वालों के खिलाफ भी नियमानुसार सख्त कार्रवाई करने को कहा गया।

खदान और क्रशर इकाइयों की नियमित जांच के निर्देश
राजस्व संग्रह को मजबूत करने के लिए उपायुक्त ने जिले में संचालित खदानों और क्रशर इकाइयों का नियमित निरीक्षण करने का निर्देश दिया। अधिकारियों को यह भी सुनिश्चित करने को कहा गया कि खनन गतिविधियां निर्धारित नियमों के अनुरूप ही संचालित हों।
वन क्षेत्रों में पत्थर, माइका और ब्लू स्टोन के अवैध उत्खनन और परिवहन पर भी विशेष निगरानी रखने को कहा गया। इसके अलावा खनन पट्टों और क्रशर इकाइयों में प्रदूषण नियंत्रण से जुड़े मानकों के पालन की जांच करने का निर्देश दिया गया।
बैठक में अपर समाहर्ता संजय पीएम कूजूर, जिला परिवहन पदाधिकारी विजय कुमार सोनी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी प्रमोद कुमार केशरी, जिला खनन पदाधिकारी, सभी अंचल अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।